महासमुंद। हिंदुस्तान दृष्टि । आज़ादी के बाद पहली बार सतनामी समाज के एक युवा द्वारा संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त करने पर समाज में गर्व और उत्साह का माहौल है। महासमुंद जिले के तुमगांव निवासी संजय डहरिया ने कठिन परिस्थितियों और कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से संघर्ष करते हुए UPSC परीक्षा में सफलता हासिल कर साहस, धैर्य और दृढ़ संकल्प का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। दिनांक 08 मार्च 2026 को गवर्नमेंट एम्पलाइज वेलफेयर एसोसिएशन छत्तीसगढ़ (GEWA) के प्रांताध्यक्ष एवं प्राचार्य कृष्ण कुमार नवरंग के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने संजय डहरिया से सौजन्य भेंट कर उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि आज़ादी के 79 वर्षों बाद लगभग 55 से 60 लाख जनसंख्या वाले सतनामी समाज से किसी युवा का इस स्तर की प्रतिष्ठित परीक्षा तक पहुंचना पूरे समाज के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय है।प्रतिनिधियों ने कहा कि संजय डहरिया का संघर्ष केवल व्यक्तिगत सफलता की कहानी नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उनका यह मुकाम हासिल करना युवाओं को शिक्षा और लक्ष्य के प्रति दृढ़ रहने का संदेश देता है।
इस अवसर पर GEWA द्वारा किए जा रहे सामाजिक और शैक्षिक कार्यों की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि पिछले 7 वर्षों से 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर GEWA द्वारा देश-विदेश के ख्यातिप्राप्त बुद्धिजीवियों के सानिध्य में शैक्षिक एवं सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। संस्था अपने पे बैक टू सोसायटी मिशन के तहत समाज के युवाओं को देश के प्रतिष्ठित IITs और अन्य उच्च शैक्षणिक संस्थानों में अध्ययन के लिए प्रेरित और सहयोग कर रही है। इन प्रयासों के माध्यम से समाज में शिक्षा, जागरूकता और संवैधानिक मूल्यों के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्मित हो रहा है। संजय डहरिया की यह उपलब्धि समाज के युवाओं के लिए प्रेरणादायक मिसाल बन गई है।इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में संगीता पाटले (प्रदेश अध्यक्ष, महिला प्रकोष्ठ GEWA), नरेंद्र जांगड़े (प्रांतीय प्रवक्ता), बसंत कुमार बंजारे (प्रांतीय महामंत्री), बुन्देश्वरी खिलाड़ी, एवन बंजारे (जिलाध्यक्ष), भीमसेन मनहरे, विष्णु ब्रम्हदेव, घनश्याम बंजारे, आकाश पाटले, बिहारी लाल खिलाड़ी, उत्तम टंडन (सामाजिक कार्यकर्ता) सहित रायपुर जिले के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ