मुंगेली पुलिस को मिली अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन, अब घटनास्थल पर ही होगी वैज्ञानिक जांच

मुंगेली । हिंदुस्तान दृष्टि । जिले की कानून व्यवस्था और अपराध अनुसंधान को मजबूत बनाने की दिशा में मुंगेली पुलिस को बड़ी सौगात मिली है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की अनुशंसा पर छत्तीसगढ़ के सभी जिलों की तरह मुंगेली जिले को भी लगभग 65 लाख रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन उपलब्ध कराई गई है। यह हाईटेक वैन अब अपराध जांच में वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने और त्वरित विवेचना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कलेक्टर जनदर्शन सभाकक्ष में मोबाइल फॉरेंसिक वैन के तकनीकी उपयोग और कार्यप्रणाली को लेकर विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला के समापन के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, एडीएम निष्ठा पाण्डेय तिवारी एवं अन्य अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर वैन को जिले में सेवा के लिए रवाना किया।
ऑनलाइन माध्यम से जुड़े छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि यह आधुनिक फॉरेंसिक वैन कानून व्यवस्था और जांच प्रक्रिया को नई ऊंचाई देगी। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकों के उपयोग से अपराध अनुसंधान में तेजी आएगी और जांच अधिक सटीक होगी।
वहीं बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग ने विश्वास जताया कि मुंगेली पुलिस इस हाईटेक वैन की तकनीकी क्षमताओं का प्रभावी उपयोग कर आपराधिक मामलों के त्वरित निराकरण में सफलता हासिल करेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसएसपी भोजराम पटेल ने कहा कि न्याय व्यवस्था में वैज्ञानिक अनुसंधान की भूमिका लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि यह फॉरेंसिक वैन निष्पक्ष, पारदर्शी और सटीक जांच सुनिश्चित कर पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने में मददगार साबित होगी।
कार्यशाला के तकनीकी सत्र में फॉरेंसिक विशेषज्ञ ज्योत्सना लकड़ा ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रशिक्षण दिया। उन्होंने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन, साक्ष्यों की सुरक्षा, वैधानिक प्रक्रिया तथा आधुनिक उपकरणों के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही बताया गया कि मोबाइल फॉरेंसिक वैन के जरिए घटनास्थल पर ही प्रारंभिक फॉरेंसिक जांच संभव होगी।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह, बार काउंसिल अध्यक्ष राजमन सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता रविंदर सिंह छाबड़ा सहित जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी प्रभारियों और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ