धान खरीदी में अनियमितता पर बड़ी कार्रवाई: मुंगेली के जिला खाद्य अधिकारी हुलेश डड़सेना निलंबित

मुंगेली । हिंदुस्तान दृष्टि । छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने धान खरीदी व्यवस्था में गंभीर अनियमितता और लापरवाही के आरोपों को लेकर बड़ा कदम उठाया है। शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार मुंगेली जिले में पदस्थ जिला खाद्य अधिकारी हुलेश डड़सेना को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई धान खरीदी के दौरान शासन के निर्देशों और निर्धारित नियमों के उल्लंघन के आधार पर की गई है। जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित अधिकारी द्वारा धान खरीदी केंद्रों में व्यवस्था बनाए रखने में लापरवाही बरती गई। इसके साथ ही खरीदी केंद्रों का नियमित निरीक्षण नहीं किया गया, मिलरों द्वारा किए जा रहे धान उठाव की निगरानी नहीं की गई तथा उठाव किए गए धान की जांच और सत्यापन की प्रक्रिया में भी गंभीर कोताही बरती गई। इन सभी कृत्यों को शासन के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन और शासकीय दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही माना गया है। शासन ने इन आरोपों को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के तहत कदाचार की श्रेणी में रखते हुए निलंबन की कार्रवाई की है। आदेश के अनुसार निलंबन अवधि के दौरान जिला खाद्य अधिकारी हुलेश डड़सेना का मुख्यालय नवा रायपुर स्थित खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग कार्यालय निर्धारित किया गया है। इसके अलावा शासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि निलंबन अवधि के दौरान संबंधित अधिकारी को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा, ताकि सेवा नियमों के अनुरूप उनकी आजीविका प्रभावित न हो।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ