मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना : राज्य में 6,412 विवाह, मुंगेली से 94 जोड़े हुए शामिल, गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज


रायपुर/मुंगेली । हिंदुस्तान दृष्टि । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सान्निध्य में राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत राज्य स्तरीय सामूहिक विवाह कार्यक्रम भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस अवसर पर पूरे छत्तीसगढ़ में कुल 6,412 जोड़े विभिन्न धार्मिक परंपराओं एवं रीति-रिवाजों के अनुसार वैवाहिक जीवन में बंधे। यह आयोजन सामाजिक समरसता और सर्वधर्म समभाव का सशक्त उदाहरण बना, जिसे गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज किया गया।


 मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए बेटी के विवाह को लेकर सम्मान, विश्वास और सहयोग का माध्यम बनी है।

 

कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक नवविवाहित दंपति को 35 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। राज्य स्तरीय आयोजन में राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में 1,316 जोड़ों को मुख्यमंत्री ने प्रत्यक्ष रूप से आशीर्वाद दिया, जबकि अन्य जिलों के जोड़े वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े। इस वृहद आयोजन में हिंदू, मुस्लिम, ईसाई, बौद्ध एवं विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा समुदाय के जोड़े शामिल हुए, जो छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता को दर्शाता है।

  

  मुंगेली जिले से 94 जोड़े हुए शामिल 

इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुंगेली जिले से कुल 94 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। जिला स्तर से सीमित संख्या में सहभागिता को लेकर स्थानीय स्तर पर यह अपेक्षा व्यक्त की जा रही है कि आने वाले आयोजनों में अधिक से अधिक पात्र परिवार इस योजना से जुड़ सकें।

योजना का उद्देश्य और भविष्य की अपेक्षा

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का विवाह बिना किसी सामाजिक या आर्थिक दबाव के सम्मानपूर्वक संपन्न हो। योजना को लेकर यह विश्वास भी जताया जा रहा है कि भविष्य में जानकारी के व्यापक प्रसार और सहभागिता के विस्तार से सभी जिलों में लाभार्थियों की संख्या और बढ़ेगी।  यह आयोजन केवल विवाह का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक समानता, सहयोग और सामूहिक उत्तरदायित्व का प्रतीक बनकर सामने आया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ