24 घंटे में हत्या का खुलासा: फरहदा हत्याकांड में दो आरोपी गिरफ्तार, बटनदार चाकू जब्त

मुंगेली ।हिंदुस्तान दृष्टि । मुंगेली जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम फरहदा में घटित हत्या के मामले में मुंगेली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर प्रकरण का सफल खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में पुलिस टीम ने इस गंभीर अपराध में तत्परता दिखाते हुए आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की। घटना बहन से बातचीत को लेकर उपजे संदेह और पुरानी रंजिश के चलते हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 02 फरवरी 2026 की रात लगभग 10:30 बजे ग्राम फरहदा के खरवोरवा तालाब पार के पास जयपाल उर्फ कल्लू साहू द्वारा अर्जुन साहू एवं कोमल साहू के साथ मारपीट की गई। इसी दौरान हितेश उर्फ हरिओम कश्यप ने बटनदार चाकू से हमला कर अर्जुन साहू को गंभीर रूप से घायल कर दिया तथा कोमल साहू के पेट में चाकू मार दिया। गंभीर रूप से घायल कोमल साहू को जिला अस्पताल मुंगेली ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
मृतक के परिजन अर्जुन साहू की रिपोर्ट पर थाना जरहागांव में अपराध क्रमांक 19/26 धारा 103 (1), 109, 3 (5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बटनदार चाकू, खून से सने कपड़े एवं मोबाइल फोन विधिवत जब्त किए गए। प्रकरण में आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 27 भी जोड़ी गई। पुलिस ने आरोपी हितेश उर्फ हरिओम कश्यप उम्र 18 वर्ष 10 माह निवासी बजरंगपारा जरहागांव एवं जयपाल उर्फ कल्लू साहू उम्र 20 वर्ष निवासी ग्राम फरहदा को दिनांक 03 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर 04 फरवरी 2026 को न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सत्येन्द्रपुरी गोस्वामी सहित जरहागांव थाना स्टाफ एवं साइबर सेल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ