चंदली में आज से तीन दिवसीय सतनाम ग्रंथ एवं गुरु दर्शन मेला, धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रहेगी धूम

मुंगेली । हिंदुस्तान दृष्टि । विकासखंड पथरिया अंतर्गत ग्राम पंचायत चंदली में आज 6 फरवरी से 8 फरवरी 2026 तक तीन दिवसीय सतनाम ग्रंथ एवं गुरु दर्शन मेला का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी मंदिर निर्माणकर्ता स्वर्गीय मंगलदास बघेल जी के पुण्य स्मरण में उनके सुपुत्र पं. मानकुमार बघेल, पूर्व सरपंच दिनादास बघेल, ग्रामवासियों एवं क्षेत्रवासियों के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। मेले के दौरान सतनाम ग्रंथ प्रवक्ता पं. डॉ. रमेश घोषले (पं. फलित राम जी के सुपुत्र), पोड़ी-बिल्हा, जिला बिलासपुर द्वारा सतनाम ग्रंथ पर सारगर्भित प्रवचन दिए जाएंगे। साथ ही सतनाम धर्म से जुड़े विविध धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री परम पूज्यनीय युवराज गुरु खुशवंत साहेब उपस्थित रहेंगे, जबकि राजमहंत के. डी. बंदे कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। वहीं अति विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं वर्तमान विधायक बिल्हा धरमलाल कौशिक शामिल होंगे। विशिष्ट अतिथियों में चित्ररेखा जांगड़े (जनपद अध्यक्ष पथरिया), पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष ग्वालदास दास अनंत पथरिया, संतोष घृतलहरे (अध्यक्ष, नवजीवन सत्ता में समाज समिति, सरगांव, उज्जैन बंदे (ब्लॉक अध्यक्ष, अखिल भारतीय सतनाम सेना), हजारीलाल भारद्वाज (जनपद सदस्य, बिल्हा), गयाराम टंडन, नारायण प्रसाद शांडे एवं उत्तम शांडिल्य प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे।
6 फरवरी (शुक्रवार): अतिथियों द्वारा ज्योति प्रज्वलन कर मेले का शुभारंभ किया जाएगा। रात्रि में बालक-बालिकाओं द्वारा पंथी नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी जाएगी।
7 फरवरी (शनिवार): कथा रसपान का आयोजन होगा, वहीं रात्रि में लोक कला मंच जन जागृति लखुवाडिह द्वारा रतिराम ओगर एवं उषा ट्रान की संगीतमय प्रस्तुति दी जाएगी।
8 फरवरी (रविवार): कैबिनेट मंत्री परम पूज्यनीय युवराज गुरु खुशवंत साहेब के करकमलों से सतनाम धर्म ध्वजा पालो चढ़ाया जाएगा, जिसके साथ ही मेले का भव्य समापन होगा।
आयोजकों ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं एवं नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ