मुंगेली । हिन्दुस्तान दृष्टि । कमीशन वृद्धि सहित विभिन्न लंबित मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ के शासकीय उचित मूल्य दुकान संचालकों ने 3 नवंबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। इस संबंध में शासकीय राशन दुकानदार एवं विक्रेता कल्याण संघ, जिला मुंगेली के जिला अध्यक्ष लखन लाल यादव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं खाद्य मंत्री दयालदास बघेल के नाम ज्ञापन सौंपकर मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग की है। ज्ञापन कलेक्टर मुंगेली के माध्यम से शासन को भेजा गया है। संगठन का कहना है कि उचित मूल्य दुकान संचालक लंबे समय से कमीशन में वृद्धि, राशन वितरण के दौरान होने वाली क्षतिपूर्ति तथा लंबित वित्तीय सहायता राशि के भुगतान की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक शासन स्तर से केवल आश्वासन ही मिले हैं। इसके चलते दुकान संचालकों की आर्थिक स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। ज्ञापन में बताया गया है कि पिछले 21 वर्षों से उचित मूल्य दुकान संचालकों के कमीशन में वृद्धि नहीं हुई है। संगठन ने सीजीएफएसए मद के अंतर्गत चावल, शक्कर, चना, रिफाइंड एवं अमृत नमक के वितरण पर केंद्र सरकार के समान कमीशन दिए जाने की मांग की है। इसके अलावा भंडारण एवं वितरण के दौरान राशन की संभावित कमी की भरपाई के लिए 2 प्रतिशत क्षतिपूर्ति देने की मांग भी रखी गई है। संचालकों ने जुलाई 2016 से संचालित वित्तीय सहायता व्यवस्था के अंतर्गत वर्ष 2023 के बाद से लंबित वित्तीय पोषण राशि का भुगतान तत्काल जारी करने की मांग की है। वहीं कमीशन पर की जा रही 2 प्रतिशत टीडीएस कटौती बंद करने तथा बस्तर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में उचित मूल्य दुकान संचालकों की स्थानीय समस्याओं का निराकरण करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।
संगठन ने शासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेश के समस्त उचित मूल्य दुकान संचालक 3 नवंबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। इससे प्रदेश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन वितरण प्रभावित होने की आशंका है और लाखों राशनकार्डधारियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। जिला अध्यक्ष लखन लाल यादव ने शासन-प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए मांगों पर तत्काल निर्णय लेने की अपील की है।
0 टिप्पणियाँ