मुख्यमंत्री साय के कंतेली आगमन पर जनपद सदस्य ताराचंद टंडन ने जताया हर्ष, 465 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की मिलेगी सौगात

मुंगेली । हिन्दुस्तान दृष्टि । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का 13 नवंबर को ग्राम कंतेली आगमन होने जा रहा है। मुख्यमंत्री के आगमन और मुंगेली जिले को 465 करोड़ 40 लाख 82 हजार रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात मिलने को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। इस अवसर पर जनपद सदस्य कंतेली ताराचंद टंडन ने हर्ष व्यक्त करते हुए प्रदेश सरकार एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया है। ताराचंद टंडन ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को गति मिल रही है। मुंगेली जिले के लिए 465 करोड़ रुपये से अधिक की राशि के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास होना क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे जिले में सड़क, सिंचाई, अधोसंरचना और अन्य बुनियादी जनसुविधाओं के विस्तार को नई गति मिलेगी। इन विकास कार्यों का लाभ ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों, किसानों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को भी मिलेगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का ग्राम कंतेली की धरती पर आगमन क्षेत्रवासियों के लिए गौरव और हर्ष का विषय है। यह कार्यक्रम केवल एक शासकीय आयोजन नहीं, बल्कि मुंगेली जिले के विकास की नई संभावनाओं का अवसर भी है। जिले में लंबे समय से आवश्यक विकास कार्यों को गति मिलने से आने वाले समय में क्षेत्र की तस्वीर बदलने में मदद मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपने कंतेली प्रवास के दौरान 68 करोड़ 14 लाख 52 हजार रुपये की लागत के 24 विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। वहीं 397 करोड़ 26 लाख 30 हजार रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास करेंगे। इन कार्यों में लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, आदिवासी विकास विभाग, जल संसाधन विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा सहित विभिन्न विभागों के कार्य शामिल हैं।
जनपद सदस्य ताराचंद टंडन ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि मुख्यमंत्री के कंतेली आगमन पर आयोजित कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी सहभागिता निभाएं। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक पुन्नूलाल मोहले सहित सभी जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिले को मिलने वाली यह विकास की सौगात क्षेत्र के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ