पालचुवा स्कूल भवन को जेसीबी से क्षतिग्रस्त करने के मामले में कार्रवाई की मांग, युवा कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

जांच पूरी होने से पहले ही भवन डिस्मेंटल किए जाने पर उठाए सवाल, दोषियों पर कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

मुंगेली । हिन्दुस्तान दृष्टि । विकासखंड मुंगेली के ग्राम पंचायत पालचुवा स्थित शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला भवन को जेसीबी से क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले में अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए जिला युवा कांग्रेस ने कलेक्टर से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में जिला युवा कांग्रेस महासचिव अजय साहू ने बुधवार को कलेक्टर मुंगेली के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार व्यक्तियों पर कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में बताया गया है कि ग्राम पालचुवा में स्थित शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला भवन को 22 अप्रैल 2026 की रात अज्ञात व्यक्तियों द्वारा जेसीबी चलाकर क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। घटना की शिकायत और समाचारों में मामला सामने आने के बाद जांच टीम गठित की गई थी, लेकिन युवा कांग्रेस का आरोप है कि जांच के नाम पर केवल औपचारिकता की गई और अब तक दोषियों के विरुद्ध कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। अजय साहू ने ज्ञापन में कहा कि स्कूल भवन क्षतिग्रस्त होने के कारण कई छात्र-छात्राओं को दूसरे गांवों के स्कूलों में दाखिला लेना पड़ा है। इससे बच्चों को प्रतिदिन दूर जाकर पढ़ाई करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस स्थिति को लेकर ग्रामीणों में भी नाराजगी है। मामले में एक और गंभीर सवाल उठाते हुए युवा कांग्रेस ने कहा कि घटना की जांच पूरी होने से पहले ही संबंधित स्कूल भवन को डिस्मेंटल कर दिया गया। इसके समर्थन में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग मुंगेली के कार्यालय से जारी 11 जून 2026 के पत्र की प्रति भी ज्ञापन के साथ संलग्न की गई है। उक्त पत्र में जिले के विभिन्न विभागों के कुल 148 जर्जर एवं जीर्ण-शीर्ण भवनों को डिस्मेंटल किए जाने की अनुमति मांगी गई है, जिसमें महिला एवं बाल विकास विभाग के 54 आंगनबाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य विभाग के 3 उप स्वास्थ्य केंद्र तथा शिक्षा विभाग के 91 भवन शामिल हैं। युवा कांग्रेस ने सवाल उठाया है कि जब पालचुवा स्कूल भवन को क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना की जांच लंबित थी, तब भवन को डिस्मेंटल करने की प्रक्रिया क्यों और किन परिस्थितियों में पूरी की गई। ज्ञापन के माध्यम से कलेक्टर से पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध तत्काल उचित कार्रवाई करने की मांग की गई है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो युवा कांग्रेस मुंगेली एवं ग्रामीणजनों द्वारा दोषियों को सजा दिलाने की मांग को लेकर उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
 उक्त मामले पर ज्ञापन सौंपने पहुंचे अजय साहू पार्षद मुंगेली, कृष्णा साहू पार्षद सरगांव,जलेश्वर बघेल, अनुजी निषाद,काशी यादव सहित युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ