मुख्यमंत्री के दौरे से पहले रातों रात सड़कों की मरम्मत तेज, सरपंचों ने उठाया लंबित राशि का मुद्दा, बिना टेंडर, टेंट के काम दिए जाने की कथित चर्चा

सुशासन तिहार की घोषणाओं का पैसा नहीं मिलने पर जताई कथित नाराजगी, जनपद सीईओ के सामने पूछा—भीड़ जुटाने के लिए संसाधन कहां से लाएं?

मुंगेली । हिन्दुस्तान दृष्टि । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के 13 नवंबर को मुंगेली जिले के ग्राम कंतेली में प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए प्रशासनिक अमला सड़कों की मरम्मत सहित कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुटा हुआ है। वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में भीड़ जुटाने को लेकर सरपंचों की नाराजगी भी सामने आई है। सरपंचों ने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) के समक्ष अपनी समस्याएं रखते हुए सुशासन तिहार के दौरान की गई घोषणाओं और स्वीकृत विकास कार्यों की राशि अब तक नहीं मिलने का मुद्दा उठाया है। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को सफल बनाने के लिए केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले सहित भाजपा संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हुए हैं। इसी सिलसिले में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित कर कार्यक्रम की रूपरेखा और व्यवस्थाओं पर चर्चा की जा रही है। हालांकि, कार्यक्रम की तैयारियों के बीच पंचायतों की आर्थिक स्थिति और क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं।

सुशासन तिहार की घोषणाओं की राशि नहीं मिली, सरपंचों ने जताई नाराजगी
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की उपस्थिति सुनिश्चित करने को लेकर हुई बैठक में सरपंचों ने अपनी नाराजगी जाहिर की। जानकारी के अनुसार, सरपंचों ने जनपद पंचायत के सीईओ के सामने सवाल उठाते हुए कहा कि सुशासन तिहार के दौरान ग्राम पंचायतों के लिए की गई घोषणाओं और स्वीकृत विकास कार्यों की राशि अब तक प्राप्त नहीं हुई है। ऐसे में पंचायतों के सामने पहले से ही आर्थिक चुनौतियां बनी हुई हैं। जब पंचायतों को पुराने कार्यों की राशि नहीं मिली है, तो कार्यक्रम में लोगों को लाने और भीड़ जुटाने के लिए आवश्यक संसाधन कहां से उपलब्ध कराए जाएं? सरपंचों का कहना है कि पंचायतों से विकास कार्यों की अपेक्षा की जाती है, लेकिन इसके लिए आवश्यक राशि समय पर उपलब्ध नहीं होने से काम प्रभावित होते हैं। ऐसे में कार्यक्रमों में भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी देने से पहले पंचायतों की समस्याओं और लंबित भुगतान पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए। सरपंचों की इस नाराजगी ने प्रशासन के सामने पंचायतों की आर्थिक स्थिति और लंबित घोषणाओं के क्रियान्वयन का सवाल खड़ा कर दिया है।

मुख्यमंत्री के दौरे से पहले सड़कों की मरम्मत, आम जनता ने उठाए सवाल
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को लेकर जिले में सड़कों की मरम्मत और अन्य व्यवस्थाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। कई स्थानों पर रात-दिन मरम्मत कार्य कराए जाने की चर्चा है। इसे लेकर आम नागरिकों के बीच भी सवाल उठ रहे हैं कि जिन सड़कों की बदहाली और मरम्मत की मांग लंबे समय से की जा रही थी, उन पर प्रशासनिक सक्रियता मुख्यमंत्री के दौरे से ठीक पहले ही क्यों दिखाई दे रही है?
मुंगेली शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सड़क और आवागमन से जुड़ी समस्याएं लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं। विशेष रूप से मुंगेली-पंडरिया मार्ग का निर्माण कार्य धीमी गति से चलने के कारण इस मार्ग से प्रतिदिन आवागमन करने वाले लोगों में नाराजगी है। लंबे समय से निर्माण कार्य जारी रहने के बावजूद इसकी गति को लेकर सवाल उठ रहे हैं। क्षेत्र के लोगों की मांग है कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए और संबंधित विभाग निर्माण की समय-सीमा स्पष्ट करे।

फास्टर में भी मुख्यमंत्री का कार्यक्रम कराने की चर्चा
इधर, क्षेत्र में लोगों के बीच एक व्यंग्यात्मक मांग भी चर्चा का विषय बनी हुई है। नागरिकों का कहना है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का एक कार्यक्रम ग्राम फास्टर में भी आयोजित किया जाना चाहिए और उन्हें सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने की व्यवस्था होनी चाहिए। लोगों का मानना है कि यदि मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से फास्टर पहुंचते हैं, तो मुंगेली-पंडरिया मार्ग सहित आसपास की सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए भी प्रशासनिक प्रयास तेज हो सकते हैं। हालांकि यह मांग व्यंग्य के रूप में सामने आ रही है, लेकिन इसके पीछे क्षेत्र की बदहाल सड़कों और लंबे समय से जारी निर्माण कार्य की धीमी गति को लेकर लोगों की नाराजगी साफ दिखाई देती है।

जनप्रतिनिधियों और संगठन के सामने क्षेत्र की समस्याओं का सवाल
मुख्यमंत्री के दौरे को सफल बनाने के लिए केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, विधायक पुन्नूलाल मोहले, भाजपा जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी सहित भाजपा संगठन के पदाधिकारी तैयारियों में जुटे हुए हैं। लेकिन कार्यक्रम की सफलता के साथ-साथ क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं को शासन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी जनप्रतिनिधियों और संगठन की है।
सरपंचों की लंबित राशि का मुद्दा, मुंगेली-पंडरिया मार्ग के निर्माण में देरी और जिले की अन्य सड़कों की स्थिति ऐसे विषय हैं, जिन पर प्रशासन और संबंधित विभागों से जवाब अपेक्षित है। ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायतों के माध्यम से विकास कार्यों को गति देने के लिए समय पर राशि उपलब्ध कराना भी जरूरी है।

मुख्यमंत्री के सामने उठें जिले के मूलभूत मुद्दे
13 नवंबर को प्रस्तावित मुख्यमंत्री का दौरा जिले की समस्याओं को शासन के समक्ष रखने का महत्वपूर्ण अवसर हो सकता है। क्षेत्र के नागरिकों की अपेक्षा है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में केवल स्वागत और आयोजन की व्यवस्थाओं तक सीमित न रहकर पंचायतों की लंबित राशि, सुशासन तिहार की घोषणाओं, अधूरे विकास कार्यों, मुंगेली-पंडरिया मार्ग के निर्माण और जिले की बदहाल सड़कों जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हो। अब देखना होगा कि सरपंचों द्वारा उठाई गई समस्याएं मुख्यमंत्री तक पहुंचती हैं या नहीं और लंबित घोषणाओं की राशि को लेकर शासन स्तर पर क्या पहल होती है। साथ ही यह भी महत्वपूर्ण होगा कि मुख्यमंत्री के दौरे से पहले शुरू हुई सड़क मरम्मत और विकास कार्यों की रफ्तार उनके दौरे के बाद भी बरकरार रहती है या नहीं। क्योंकि विकास का आकलन किसी वीआईपी दौरे से पहले की गई तैयारियों से नहीं, बल्कि आम जनता को सालभर मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं से होता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ