धर्मादा ट्रस्ट ने बढ़ाया बेटियों का हौसला, 15 छात्राओं को दी छात्रवृत्ति, प्राचार्य को सौंपा डेढ़ लाख का चेक

मुंगेली । हिंदुस्तान दृष्टि । शहर के श्रीमती रम्भा बाई रामलाल साव शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में छात्राओं को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में भवानी साव रामलाल साव धर्मादा ट्रस्ट द्वारा सराहनीय पहल की जा रही है। ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी डॉ. विनय गुप्ता ने विद्यालय पहुंचकर छात्राओं से मुलाकात की और उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित किया। ट्रस्ट की ओर से शैक्षणिक सत्र 2024–25 में कक्षा 11वीं में अध्ययनरत आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभावान 15 छात्राओं को कुल एक लाख पचास हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई थी। छात्रवृत्ति मिलने से छात्राओं में पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ा है और उन्होंने ट्रस्ट के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर ट्रस्ट की ओर से आगामी सत्र 2025–26 के लिए भी छात्राओं को आर्थिक सहयोग देने की घोषणा की गई। परीक्षा के बाद जरूरतमंद छात्राओं को छात्रवृत्ति देने के लिए एक लाख पचास हजार रुपये का चेक विद्यालय के प्राचार्य कृष्णकुमार नवरंग को सौंपा गया। कार्यक्रम के दौरान डॉ. विनय गुप्ता ने छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें शिक्षा के माध्यम से अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया।
अपने संबोधन में उन्होंने बताया कि वर्ष 1978 में इस कन्या शाला भवन का निर्माण उनकी पत्नी रम्भा बाई के नाम पर कराया गया था। ट्रस्ट द्वारा हर वर्ष राष्ट्रीय पर्वों पर प्रसाद वितरण के साथ ही विद्यालय भवन में आवश्यक कार्यों में सहयोग किया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रतिभावान छात्राओं के लिए छात्रवृत्ति की राशि और बढ़ाई जाएगी। साथ ही विद्यालय में गेट और सीढ़ियों के निर्माण के लिए भी आर्थिक सहयोग देने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में व्याख्याता जी.एस. राजपूत, विभा साहू, एम. कुर्रे, संजय सोनी, डेनियल दयाल, दिलीप काठले, कुमार सिंह ध्रुव, चंद्रवंशी सर, प्रतिभा शर्मा, चंचल देवागन, पूर्णिमा तम्बोली, रिकेश्वरी साहू, हुलेश, राजकुमारी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता चंद्रकुमार महिलांग ने किया, जबकि प्राचार्य कृष्णकुमार नवरंग एवं तिहारी चंद्रवंशी ने आभार व्यक्त किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ