मुंगेली पुलिस की बड़ी सफलता: वाहन चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 4 आरोपी गिरफ्तार, एक अपचारी बालक पर कार्यवाही

मुंगेली । हिंदुस्तान दृष्टि । जिले में वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर मुंगेली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक ट्रैक्टर और सात मोटरसाइकिल सहित कुल लगभग चार लाख रुपये की चोरी की संपत्ति बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वहीं एक विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध भी विधिसम्मत कार्यवाही की गई है। यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में की गई। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा संचालित सशक्त एप की सहायता से चोरी गए वाहनों की त्वरित जानकारी प्राप्त कर यह सफलता मिली।

        ऑपरेशन ‘बाज’ के तहत बड़ी बरामदगी
मुंगेली पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन बाज के तहत थाना लोरमी, सिटी कोतवाली मुंगेली एवं थाना फास्टरपुर क्षेत्र से एक ट्रैक्टर, सात चोरी की मोटरसाइकिल और घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल विधिवत जब्त की गई है।
आरोपियों के विरुद्ध थाना लोरमी में अपराध क्रमांक 16/26, थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 159/25 तथा थाना फास्टरपुर में अपराध क्रमांक 14/26 एवं 15/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई की गई है।

           ट्रैक्टर चोरी से खुला पूरा गिरोह
मामले की शुरुआत 12 जनवरी 2026 को हुई, जब प्राची कुंजबिहारी तिवारी, निवासी लोरमी, ने थाना लोरमी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका महेन्द्रा युवो 275 डीआई ट्रैक्टर (क्रमांक CG 28 E 5178), जिसे चालक द्वारा गायत्री मंदिर के पास खड़ा किया गया था, 11–12 जनवरी की दरम्यानी रात अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मयंक तिवारी एवं उप पुलिस अधीक्षक हरविन्दर सिंह के मार्गदर्शन में साइबर सेल, थाना लोरमी, कोतवाली एवं फास्टरपुर की संयुक्त टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

तकनीकी व मुखबिर सूचना से आरोपियों तक पहुंच
जांच के दौरान साइबर सेल को तकनीकी एवं मुखबिर सूचना मिली कि ग्राम हरदीडीह निवासी दिलेश सप्रे एक पुराने ट्रैक्टर को बेचने की कोशिश कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने दिलेश सप्रे को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने साथियों पवन जगत, मनीष साहू, देवप्रसाद बर्मन तथा एक अपचारी बालक के साथ मिलकर ट्रैक्टर एवं मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने पहले मेलों और सार्वजनिक स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी की और बाद में अधिक मुनाफे के लालच में ट्रैक्टर चोरी की योजना बनाई।

चार आरोपी गिरफ्तार, एक बालक न्यायिक प्रक्रिया में
पुलिस ने चारों आरोपियों को 31 जनवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, वहीं विधि से संघर्षरत बालक की सामाजिक पृष्ठभूमि रिपोर्ट तैयार कर नियमानुसार कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपी, देवप्रसाद बर्मन पिता हुलास राम उम्र 35 वर्ष निवासी हरदीडीह
दिलेश सप्रे पिता राजकुमार उम्र 22 वर्ष निवासी हरदीडीह
पवन जगत पिता भोप सिंह उम्र 36 वर्ष निवासी हरदीडीह
मनीष साहू पिता चितराम उम्र 18 वर्ष निवासी राजपुर
एक विधि से संघर्षरत बालक, जप्त वाहन एक ट्रैक्टर महेन्द्रा युवो 275 डीआई (CG 28 E 5178)
सात विभिन्न कंपनियों की चोरी की मोटरसाइकिलें
घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल
कुल जप्त संपत्ति की अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख रुपये बताई गई है। इस कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक प्रसाद सिन्हा, थाना प्रभारी लोरमी निरीक्षक अखिलेश वैष्णव, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ