मुंगेली । हिंदुस्तान दृष्टि । मुंगेली पुलिस ने शासकीय उचित मूल्य की दुकानों और सोसायटियों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन बाज के तहत की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से 200 कट्टी चावल यानी करीब 100 क्विंटल, 16 कट्टी शक्कर, चोरी के माल की बिक्री से प्राप्त ₹24 हजार नगद, चोरी में प्रयुक्त पिकअप वाहन क्रमांक CG 28 Q 3669, 83 प्लास्टिक बोरियां, चाकू, प्लास्टिक सुतली, सूजा, सब्बलनुमा लोहे का रॉड और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने बरामद सामान और वाहन समेत करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। पुलिस के अनुसार थाना पथरिया क्षेत्र के ग्राम बेलखुरी और कलारजेवरा तथा सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पालचुवा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकानों में 5 से 7 अगस्त के बीच चोरी की घटनाएं हुई थीं। बेलखुरी की दुकान से 76 कट्टी चावल, कलारजेवरा से 25 कट्टी चावल तथा पालचुवा की दुकान से करीब 60-70 बोरी चावल और 16 बोरी शक्कर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। लगातार हुई इन वारदातों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी भोजराम पटेल ने अज्ञात आरोपियों की पतासाजी और चोरी गए माल की शत-प्रतिशत बरामदगी के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला तथा एसडीओपी हरविन्दर सिंह और आशीष अरोरा के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने बेसिक पुलिसिंग, डिजिटल साक्ष्य और मुखबिर तंत्र के माध्यम से आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान ग्राम बावली निवासी खिलेश कौशिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक खिलेश ड्राइवरी का काम करता था और ग्राम बावली निवासी महेन्द्र निषाद के पिकअप वाहन को किराये पर लेकर चलाता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात राजकुमार पात्रे और पिंटू उर्फ विजय पात्रे सहित अन्य आरोपियों से हुई। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने आसपास की शासकीय उचित मूल्य दुकानों से चावल चोरी करने की योजना बनाई और पिकअप वाहन का इस्तेमाल किया। पूछताछ में सामने आया कि 5 अगस्त की रात आरोपियों ने ग्राम कलारजेवरा और बेलखुरी की सोसायटी दुकानों के ताले तोड़कर चावल चोरी किया, जबकि 6 और 7 अगस्त की रात पालचुवा की सोसायटी को निशाना बनाकर चावल और शक्कर चोरी की गई। चोरी किए गए माल को ग्राम घुटेली ले जाकर बोरियों की अदला-बदली करने के बाद बिलासपुर में बेचने की बात भी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक चोरी के चावल को बिलासपुर के तारबाहर क्षेत्र के व्यापारियों के माध्यम से खपाया जाता था और चोरी के माल की बिक्री से प्राप्त रकम आरोपियों के बीच बांटी जाती थी। मामले में पुलिस ने खिलेश कौशिक, राजू श्रीवास, महेन्द्र निषाद और व्यापारी बंटी उर्फ रवि पाहूजा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पूछताछ में आरोपियों ने अन्य जिलों और थाना क्षेत्रों में भी चोरी की वारदातों से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग दिए हैं। पुलिस के अनुसार चौकी मारो क्षेत्र के ग्राम पुटपुरा की सोसायटी से करीब 45 कट्टी चावल तथा सिरगिट्टी क्षेत्र के ग्राम सिलपहरी की सोसायटी से भी करीब 45 कट्टी चावल चोरी कर बिलासपुर में बेचने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा लोरमी क्षेत्र में डीएपी खाद चोरी तथा ग्राम कोकही स्थित फार्म हाउस से कीटनाशक चोरी की घटना से जुड़े सुराग भी मिले हैं। पुलिस अब इन मामलों में आरोपियों की संलिप्तता की जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों में खिलेश कौशिक पिता स्व. दिनेश उम्र 22 वर्ष, राजू श्रीवास पिता रामकुमार उम्र 20 वर्ष, महेन्द्र निषाद पिता भागवत उम्र 21 वर्ष, तीनों निवासी ग्राम बावली तथा बंटी उर्फ रवि पाहूजा पिता स्व. परमानंद उम्र 50 वर्ष निवासी जुनापारा बिलासपुर शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि प्रकरण में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। इस कार्रवाई में निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, प्रभारी थाना सिटी कोतवाली, उपनिरीक्षक सत्येन्द्रपुरी गोस्वामी, प्रभारी साइबर सेल, उपनिरीक्षक गिरजाशंकर यादव, प्रभारी थाना पथरिया तथा साइबर सेल, थाना सिटी कोतवाली और थाना पथरिया स्टाफ की अहम भूमिका रही। एसएसपी भोजराम पटेल ने आम नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि घर, दुकान और गोदाम में सीसीटीवी कैमरे जरूर लगाएं तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या चौकी को दें। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश के साथ-साथ अन्य जिलों में हुई चोरी की घटनाओं में भी गिरोह की संलिप्तता की जांच जारी है।
0 टिप्पणियाँ