छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ, मुंगेली के जिलाध्यक्ष अजीत बघेल का हार्ट अटैक से निधन, पत्रकार जगत में शोक की लहर

मुंगेली । हिंदुस्तान दृष्टि । छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ, मुंगेली के जिलाध्यक्ष एवं 27 बार स्वैच्छिक रक्तदान कर समाज सेवा का उदाहरण प्रस्तुत करने वाले अजीत बघेल का गुरुवार शाम लगभग 5:30 बजे आकस्मिक हृदयाघात (हार्ट अटैक) से निधन हो गया। उनकी तबीयत बिगड़ने पर परिजन तत्काल उन्हें मुंगेली स्थित लाइफ लाइन हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया।
अजीत बघेल के आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही जिले के पत्रकारिता जगत, सामाजिक संगठनों और उनके शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई। वे अपने सरल, सहज, मिलनसार और सहयोगी स्वभाव के कारण सभी के बीच लोकप्रिय थे। पत्रकारों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए वे हमेशा सक्रिय रहे तथा छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ को मजबूत बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
समाज सेवा के क्षेत्र में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा। उन्होंने 27 बार स्वैच्छिक रक्तदान कर अनेक जरूरतमंदों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाया था।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार, 3 जुलाई 2026 को प्रातः 10:00 बजे उनके गृह ग्राम मानपुर (जेठूकापा) में किया जाएगा।
अजीत बघेल के निधन पर जिले के पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ