मुंगेली । हिंदुस्तान दृष्टि । जिले के विभिन्न 33/11 केवी विद्युत सब स्टेशनों में विद्युत कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। विभागीय अधिकारियों और ठेकेदारों की अनदेखी के बीच कर्मचारियों से बिना किसी सुरक्षा उपकरण के हाई वोल्टेज लाइन पर जोखिम भरा कार्य कराया जा रहा है। स्थिति इतनी चिंताजनक है कि करोड़ों रुपये के विद्युत कार्यों के बावजूद कर्मचारियों की जान भगवान भरोसे छोड़ दी गई है। जानकारी के अनुसार सब स्टेशनों में कर्मचारियों से हाई वोल्टेज लाइन के असुलेटर काटने सहित अन्य तकनीकी कार्य कराए जा रहे हैं, लेकिन मौके पर सुरक्षा के जरूरी साधन उपलब्ध नहीं हैं। कार्यस्थल पर न हेलमेट दिखाई दिए, न इंसुलेटेड ग्लव्स, न सेफ्टी बेल्ट और न ही सुरक्षा जूते। इसके बावजूद कर्मचारियों को सीधे विद्युत उपकरणों और हाई वोल्टेज लाइनों के बीच काम करने के लिए मजबूर है। जानकारों के अनुसार 33/11 केवी विद्युत लाइन पर कार्य करना बेहद संवेदनशील और जानलेवा माना जाता है। ऐसे कार्यों में सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य होता है, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। इसके बावजूद मुंगेली जिले में नियमों को खुलेआम ताक पर रखकर कार्य कराया जा रहा है, जिससे विभागीय निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। मौके पर कार्य कर रहे कुछ कर्मचारियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि ठेकेदार द्वारा लागत बचाने के नाम पर सुरक्षा सामग्री उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। वहीं विभाग के जिम्मेदार अधिकारी सब कुछ जानते हुए भी चुप्पी साधे हुए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि रोजाना जान जोखिम में डालकर काम करना उनकी मजबूरी बन चुकी है। स्थानीय लोगों और कर्मचारियों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ऐसी स्थिति में किसी दुर्घटना की पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और ठेकेदार की होगी। अब देखना यह होगा कि विभागीय अधिकारी इस गंभीर मामले को लेकर कोई ठोस कार्रवाई करते हैं या फिर किसी बड़े हादसे के बाद ही जिम्मेदारों की नींद खुलेगी।
0 टिप्पणियाँ