जल जीवन मिशन की लापरवाही से पौनी गांव में पेयजल संकट गहराया, छह माह से मानदेय नहीं मिलने पर टंकी संचालन बंद

मुंगेली ।  हिंदुस्तान दृष्टि । जिले के ग्राम पंचायत पौनी में जल जीवन मिशन योजना के अंतर्गत बनी पानी टंकी और पाइपलाइन व्यवस्था अब ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। गांव में कई स्थानों पर पाइपलाइन कार्य अधूरा पड़ा हुआ है, वहीं जहां पाइपलाइन बिछाई गई है वहां टूट-फूट और लीकेज की समस्या बनी हुई है। इसके चलते ग्रामीणों को नियमित रूप से पेयजल नहीं मिल पा रहा है।
जानकारी के अनुसार पानी टंकी के संचालन, मोटर पंप चालू-बंद करने और देखरेख का कार्य ग्राम निवासी काशीराम साहू द्वारा किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि उन्हें पिछले लगभग छह माह से मानदेय राशि का भुगतान नहीं किया गया है। मानदेय नहीं मिलने से नाराज होकर उन्होंने पिछले पांच दिनों से पानी टंकी का संचालन बंद कर दिया है। साथ ही बकाया भुगतान होने तक टंकी की चाबी नहीं देने और मोटर पंप हटाने की बात भी कही जा रही है। पानी सप्लाई बंद होने से गांव में गंभीर पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है। भीषण गर्मी के बीच ग्रामीणों को दूर-दूर से पानी लाकर दैनिक जरूरतें पूरी करनी पड़ रही हैं। सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है। गांव के लोगों ने जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है। इस मामले को लेकर ग्राम पंचायत पौनी के सरपंच भारत रत्न मंडेला ने कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन सौंपकर मांग की है कि टंकी संचालनकर्ता का लंबित मानदेय तत्काल दिलाया जाए, पानी टंकी का संचालन पुनः शुरू कराया जाए तथा गांव में क्षतिग्रस्त और अधूरी पाइपलाइन का कार्य जल्द पूरा कराया जाए ताकि ग्रामीणों को नियमित और शुद्ध पेयजल मिल सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ