मुंगेली । हिंदुस्तान दृष्टि । छोटे करगी कोटा पेट्रोल पंप के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, पेंड्री तालाब लोरमी निवासी हितेश कुमार दिवाकर अपने छोटे भाई विकास के साथ बाइक से बिलासपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान छोटे करगी कोटा पेट्रोल पंप के पास कथित रूप से लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बीच सड़क में कट मार दिया, जिससे हितेश कुमार का संतुलन बिगड़ गया और वे सड़क पर गिर पड़े। जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं उनका छोटा भाई विकास गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया गया घटना के बाद घायल विकास अपने भाई के लिए लोगों से पानी मांगता रहा, लेकिन वहां मौजूद कई लोग तमाशबीन बने रहे। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरा में कैद हो गई है।
घायल युवक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोटा ले जाया गया, जहां अस्पताल की व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए। आरोप है कि घायल युवक घंटों तक स्ट्रेचर पर पड़ा रहा और समय पर उचित उपचार नहीं मिल सका। अस्पताल में मौजूद दो नर्सों के भरोसे व्यवस्था चलती रही, जबकि ड्यूटी डॉक्टर विश्राम कक्ष में मौजूद थे। बाद में घायल को रेफर करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
मृतक हितेश कुमार दिवाकर को पत्रकार लक्ष्मी दिवाकर का बड़ा पुत्र बताया जा रहा है। मृतक परिवार में दो बेटे और एक बेटी सहित तीन छोटे बच्चे हैं। इस हादसे से परिवार पूरी तरह टूट गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही कोटा पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा। पोस्टमार्टम के पश्चात शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
0 टिप्पणियाँ