खबर का असर : PHE अधिकारियों ने किया पौनी गांव का निरीक्षण, एक माह में पाइपलाइन मरम्मत और लंबित मानदेय भुगतान का आश्वासन

मुंगेली । हिंदुस्तान दृष्टि । ग्राम पंचायत पौनी में जल जीवन मिशन योजना के तहत उत्पन्न पेयजल संकट और पानी टंकी संचालनकर्ता के लंबित मानदेय भुगतान का मामला सामने आने के बाद लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) के अधिकारी गांव पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों को जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
ग्राम पंचायत पौनी के सरपंच भारत रत्न मंडेला ने अधिकारियों को गांव में पाइपलाइन टूट-फूट, लीकेज, अधूरे कार्य एवं पानी सप्लाई बाधित होने की समस्या से अवगत कराया। इस दौरान PHE अधिकारियों ने कहा कि गांव में जहां-जहां पाइपलाइन क्षतिग्रस्त है वहां आगामी एक माह के भीतर मरम्मत कार्य कराया जाएगा। साथ ही पानी टंकी संचालनकर्ता (ऑपरेटर) का लंबित मानदेय भी ठेकेदार के माध्यम से शीघ्र भुगतान कराने की बात कही गई। अधिकारियों ने यह भी आश्वासन दिया कि जल जीवन मिशन योजना के तहत ग्रामवासियों को पानी टंकी के माध्यम से नियमित एवं निर्बाध शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि सभी कनेक्शनधारी परिवारों तक पानी पहुंच सके। वहीं जिन गलियों में अब तक पाइपलाइन नहीं बिछाई गई है, उनके लिए शासन को प्रस्ताव भेजने की बात कही गई।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यह भी पाया कि गांव के कई हितग्राही पाइपलाइन से मोटर पंप लगाकर अत्यधिक मात्रा में पानी खींच रहे हैं, जिससे अन्य घरों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इस पर विभागीय अधिकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि पाइपलाइन से मोटर पंप लगाकर पानी खींचने वालों पर कार्रवाई की जाएगी तथा मोटर पंप जब्त किए जाएंगे। ग्रामीणों ने अधिकारियों से मांग की कि जल जीवन मिशन योजना का लाभ गांव के प्रत्येक परिवार तक पहुंचे और उन्हें प्रतिदिन शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए, ताकि गर्मी के मौसम में पेयजल संकट से राहत मिल सके।
निरीक्षण के दौरान PHE विभाग के कार्यपालन अभियंता, उप अभियंता प्रतीक पाटनी, सरपंच भारत रत्न मंडेला, ठेकेदार के कर्मचारी भूपेंद्र सिंह राजपूत, पंच उमाशंकर साहू, प्रभा सिंह ठाकुर सहित ग्रामीण लक्ष्मीनारायण साहू, कौशल साहू, मनोज शर्मा, जितेंद्र मंगेशकर, दानिश साहू, गौतम यादव, पदुम यादव, विष्णु यादव, जेठूराम साहू, कुमार यादव, मानदास केवर्त, मोतीदास मानिकपुरी, सुखन्दन साहू, रुपकुमार यादव, इंद्रपाल सिंह, दिनेश सिंह एवं सूखेन्द्र सिंह उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ