आईएफएस में 105वीं रैंक हासिल कर गुरुदयाल जांगड़े ने बढ़ाया मुंगेली का मान, 26 मई को नगर आगमन पर होगा भव्य स्वागत, युवाओं के लिए बने प्रेरणा

मुंगेली । हिंदुस्तान दृष्टि । जिले के ग्राम पलानसरी के होनहार युवा गुरुदयाल जांगड़े ने इंडियन फॉरेस्ट सर्विस (IFS) परीक्षा में 105वीं रैंक हासिल कर पूरे मुंगेली जिले और छत्तीसगढ़ प्रदेश का नाम रोशन किया है। साधारण परिवार से निकलकर कठिन मेहनत और संघर्ष के दम पर मिली इस सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। गांव से लेकर शहर तक लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं, वहीं सोशल मीडिया में भी शुभकामनाओं की बाढ़ आ गई है। जानकारी के अनुसार गुरुदयाल जांगड़े ग्राम पलानसरी निवासी सचिव काशीराम जांगड़े के पुत्र हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी पढ़ाई और लक्ष्य के प्रति कभी समझौता नहीं किया। बचपन से ही वे पढ़ाई में मेधावी रहे और अपनी मेहनत के बल पर लगातार सफलता की सीढ़ियां चढ़ते गए।

बताया गया कि गुरुदयाल ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर से प्राप्त की। स्कूली शिक्षा के दौरान ही उन्होंने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया और 10वीं तथा 12वीं की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने असम स्थित प्रतिष्ठित आईआईटी गुवाहाटी में प्रवेश लिया, जहां से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की।
इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बाद उन्होंने प्रशासनिक सेवा में जाने का लक्ष्य तय किया। इसके लिए वे दिल्ली गए और संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की तैयारी शुरू की। कठिन प्रतिस्पर्धा और वर्षों की मेहनत के बाद आखिरकार उन्होंने इंडियन फॉरेस्ट सर्विस परीक्षा में 105वीं रैंक हासिल कर अपने परिवार, गांव और जिले का सपना साकार कर दिया।
गुरुदयाल की इस सफलता को लेकर युवाओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि छोटे गांव से निकलकर राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में सफलता हासिल करना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उनकी उपलब्धि यह साबित करती है कि मजबूत इरादे, अनुशासन और निरंतर मेहनत के दम पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष शिव कुमार बंजारा ने गुरुदयाल जांगड़े को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने मुंगेली जिले का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि गुरुदयाल की सफलता समाज और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है तथा उनकी उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों को शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति जागरूक करेगी।
जानकारी के अनुसार 26 मई को गुरुदयाल जांगड़े के मुंगेली नगर आगमन पर भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। शाम 4 बजे कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने स्थित अंबेडकर प्रतिमा के पास सामाजिक संगठनों, युवाओं और शुभचिंतकों द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और जिले भर में उत्साह का माहौल बना हुआ है।

 भव्य स्वागत समारोह 
IFS परीक्षा में 105वीं रैंक हासिल कर मुंगेली का गौरव बढ़ाने वाले
गुरुदयाल जांगड़े का हार्दिक स्वागत अभिनंदन
आज दिनांक: 26 मई 2026
स्वागत स्थल एवं समय मुंगेली में 
4:00 बजे — अम्बेडकर प्रतिमा (कलेक्टर ऑफिस सामने)
4:30 बजे — गुरु घासीदास चौक, दाउपारा
4:45 बजे — परशुराम चौक, पुराना बस स्टैंड 
5:00 बजे — महाराणा प्रताप चौक, पड़ाव चौक
5:15 बजे — लीलवापारा चौक
शाम 5:45 बजे
जिला कलेक्टर, SP, DFO, जिला CEO, ADM एवं ग्राम पलानसरी पहुंचेंगे।
कृपया सभी ग्रामवासी एवं क्षेत्रवासी अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर स्वागत कार्यक्रम को सफल बनाएं।
ग्राम पलानसरी के होनहार युवा एवं सचिव काशीराम जांगड़े जी के सुपुत्र गुरुदयाल जांगड़े ने कठिन संघर्ष और मेहनत से IFS में 105वीं रैंक प्राप्त कर पूरे मुंगेली एवं छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ