मुंगेली में युवा कांग्रेस संगठन चुनाव की प्रक्रिया शुरू, 13 जून तक होंगे नामांकन

मुंगेली। हिंदुस्तान दृष्टि । युवा कांग्रेस के आगामी संगठनात्मक चुनावों को लेकर जिले में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। युवा कांग्रेस द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में संगठन चुनाव की प्रक्रिया, पात्रता, नामांकन और शुल्क संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई। इस दौरान जोनल एवं रीजनल ऑफिसर नरेंद्र कुमार एडवोकेट ने बताया कि जिले में संगठनात्मक चुनावों एवं नियुक्तियों की आधिकारिक प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है और इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित समयावधि के भीतर अपना नामांकन प्रस्तुत कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि नामांकन प्रक्रिया 29 मई 2026 से शुरू होकर 13 जून 2026 तक चलेगी। चुनाव में भाग लेने के लिए उम्मीदवार की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होना आवश्यक है। इसके अनुसार उम्मीदवार का जन्म 28 मई 1990 से 29 मई 2008 के बीच होना चाहिए। नरेंद्र कुमार ने बताया कि नामांकन के दौरान अभ्यर्थियों को आयु एवं पहचान प्रमाण के रूप में ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट अथवा 10वीं की अंकसूची प्रस्तुत करनी होगी। साथ ही मतदाता पहचान पत्र (वोटर आईडी) जमा करना अनिवार्य रहेगा। उम्मीदवारों को अपने आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी भी स्पष्ट रूप से देनी होगी। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को शुल्क रियायत का लाभ लेने के लिए वैध जाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। प्रेस वार्ता में विभिन्न पदों के लिए निर्धारित नामांकन शुल्क की जानकारी भी दी गई। जिला अध्यक्ष पद के लिए सामान्य वर्ग का शुल्क 7,500 रुपये तथा आरक्षित वर्ग के लिए 3,000 रुपये निर्धारित किया गया है। जिला महासचिव पद के लिए सामान्य वर्ग के लिए 3,000 रुपये और आरक्षित वर्ग के लिए 1,500 रुपये शुल्क तय किया गया है। विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए सामान्य वर्ग का शुल्क 1,000 रुपये एवं आरक्षित वर्ग के लिए 500 रुपये रखा गया है। वहीं ब्लॉक अध्यक्ष पद के लिए सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को 150 रुपये तथा आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को 100 रुपये शुल्क जमा करना होगा।
उन्होंने कहा कि सभी इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर नामांकन और शुल्क भुगतान की प्रक्रिया पूर्ण कर लें। अंतिम तिथि के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
प्रेस वार्ता में वरिष्ठ कांग्रेसी आत्मा सिंह क्षत्रिय, दीपक गुप्ता, दिलीप बंजारा, लक्ष्मीकांत भास्कर, राजेश छैदईया, नरेश पाटले, जित्तू श्रीवास्तव, इंद्रजीत कुर्रे, विष्णु खांडे, महीतोष बंजारा, नीरज यादव तथा योगेश्वर सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान संगठन चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न कराने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की गई।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ