मुंगेली । जनपद पंचायत लोरमी अंतर्गत ग्राम पंचायत बैगाकापा में 15वें वित्त आयोग की राशि के उपयोग को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर अपलोड दस्तावेजों के अवलोकन के दौरान यह जानकारी सामने आई है कि ग्राम पंचायत बैगाकापा और ग्राम पंचायत फुलवारी (एफ) के रिकॉर्ड में एक समान बिल दर्ज दिखाई दे रहा है,जिसमें ग्राम पंचायत फुलवारी (F) का बिल ग्राम पंचायत बैगाकापा के ई-ग्राम स्वराज पोर्टल में अपलोड है, जिसके आधार पर लगभग 20 हजार रुपये की राशि निकाली गई है।
मामले की पुष्टि के लिए जब ग्राम पंचायत बैगाकापा के सचिव से दूरभाष पर संपर्क किया गया, तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस प्रकार की जानकारी नहीं है। हालांकि बातचीत के दौरान सचिव ने यह भी बताया कि रामू फोटोकॉपीयर्स का बिल हमारे पास उपलब्ध है। सचिव के इस बयान के बाद मामले को लेकर और अधिक स्पष्टता की आवश्यकता महसूस की जा रही है। ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर उपलब्ध दस्तावेजों और सचिव के बयान के बीच उत्पन्न स्थिति ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि दोनों पंचायतों के रिकॉर्ड में एक समान बिल दर्ज है, तो इसकी वास्तविक स्थिति क्या है, यह जांच का विषय बन गया है। वहीं यदि संबंधित बिल वैध रूप से अलग-अलग कार्यों या प्रक्रियाओं से जुड़ा है, तो उसकी भी स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए।
जानकारों का कहना है कि पंचायत निधि सार्वजनिक धन है और उसके प्रत्येक भुगतान का रिकॉर्ड स्पष्ट एवं पारदर्शी होना चाहिए। ऐसे मामलों में दस्तावेजों का सत्यापन कर वास्तविक स्थिति सामने लाना आवश्यक है, ताकि किसी भी प्रकार की भ्रांति या संदेह की स्थिति समाप्त हो सके।
अब लोगों की नजर संबंधित विभाग और जनपद पंचायत प्रशासन पर है कि वे मामले की जांच कर तथ्यात्मक स्थिति स्पष्ट करते हैं या नहीं। जांच के बाद ही यह तय हो सकेगा कि मामला तकनीकी त्रुटि का है या फिर किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता का। जांच के बाद स्पष्ट स्थिति को प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
0 टिप्पणियाँ