मुंगेली । हिंदुस्तान दृष्टि । जिले के अमरटापू धाम और भरवागुड़ा को जोड़ने के लिए लगभग 4 करोड़ 2 लाख रुपये की लागत से बनाए जा रहे निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरने का मामला लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है। घटना का लाइव वीडियो सामने आने के बाद हादसे को लेकर पहले से चल रही कई चर्चाओं और अटकलों पर नया मोड़ आ गया है।
घटना के बाद यह चर्चा सामने आई थी कि हादसे के समय श्रमिक दोपहर के भोजन के लिए गए हुए थे और करीब एक-दो बजे के बीच यह दुर्घटना हुई। वहीं कुछ लोगों ने यह भी दावा किया था कि अजाक्स मशीन के पीछे होने और भारी दबाव पड़ने के कारण निर्माणाधीन स्लैब ढह गया। हालांकि लोगों के मन में यह सवाल भी उठ रहा था कि यदि सभी श्रमिक भोजन करने गए थे, तो उस समय निर्माण स्थल पर अजाक्स मशीन का संचालन क्यों हो रहा था।
इसी बीच सोशल मीडिया पर घटना का लाइव वीडियो वायरल होने के बाद कई बातें स्पष्ट होती दिखाई दे रही हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि पुल पर निर्माण कार्य के दौरान श्रमिक मौजूद थे और कार्य जारी था। इसी दौरान मटेरियल से लदी एक गाड़ी स्लैब पर आगे बढ़ती है, जिसके कुछ ही क्षण बाद स्लैब भरभराकर नीचे गिर पड़ता है। वीडियो से यह संकेत मिलता है कि हादसा श्रमिकों के कार्य के दौरान हुआ, न कि भोजन अवकाश के समय।
सूत्रों के अनुसार, घटना में कुछ श्रमिकों को मामूली चोटें भी आई हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक घायल श्रमिकों की संख्या और उनकी स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
उल्लेखनीय है कि निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरने के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता, तकनीकी निगरानी और सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। मामले को लेकर विपक्ष ने भ्रष्टाचार और लापरवाही के आरोप लगाए हैं, जबकि सरकार इसे प्रारंभिक तौर पर तकनीकी चूक बता रही है। फिलहाल पूरे प्रकरण की विभागीय जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसे के पीछे वास्तविक कारण क्या थे और इसके लिए जिम्मेदार कौन है।
0 टिप्पणियाँ