महामाई और सुभाष वार्ड में गहराया जल संकट, बोर खनन कार्य मशीन खराबी से रुका, 5 दिनों से पानी के लिए परेशान वार्डवासी, आनंद सोनी ने निजी बोरवेल से दी राहत

मुंगेली । हिंदुस्तान दृष्टि । शहर के महामाई वार्ड एवं सुभाष वार्ड में पिछले कई दिनों से पेयजल संकट बना हुआ है। पानी की समस्या के समाधान के लिए 24 जून को बोर खनन कार्य शुरू किया गया था, लेकिन मशीन में तकनीकी खराबी आने के कारण कार्य बीच में ही रुक गया। जानकारी के अनुसार मशीन ने लगभग 10 से 15 मिनट तक कार्य किया और करीब 20 फीट तक खनन के बाद खराब हो गई, जिससे काम रोकना पड़ा। वार्ड निवासी आनंद सोनी ने बताया कि क्षेत्र में पिछले लगभग पांच दिनों से पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। कई परिवारों को पेयजल के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संकट की स्थिति को देखते हुए उन्होंने अपने निजी बोरवेल से मोहल्लेवासियों को पानी उपलब्ध कराया। बताया जाता है कि देर रात तक लोग उनके घर पहुंचकर पानी भरते रहे, जिससे प्रभावित परिवारों को कुछ राहत मिल सकी।
आनंद सोनी ने कहा कि वार्ड में जल संकट का शीघ्र समाधान होना चाहिए, ताकि लोगों को रोजमर्रा की आवश्यकताओं के लिए परेशान न होना पड़े। उन्होंने संबंधित विभाग से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
इधर, वार्ड पार्षद असलम ने बताया कि बोर खनन के दौरान मशीन में अचानक तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसके कारण कार्य रोकना पड़ा। उन्होंने कहा कि इस संबंध जानकारी दी गई है, एक-दो दिनों के भीतर पुनः खनन कार्य शुरू किए जाने की संभावना है।
फिलहाल महामाई वार्ड और सुभाष वार्ड के रहवासी जल्द से जल्द बोर खनन कार्य पुनः शुरू कर पेयजल संकट का स्थायी समाधान किए जाने की मांग कर रहे हैं। वार्डवासियों का कहना है कि गर्मी और जल संकट के बीच शीघ्र कार्रवाई अत्यंत आवश्यक है। उक्त जानकारी आनंद सोनी ने दी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ