मोटर साइकिल में साड़ी का पल्लू फंसने के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र कार्यकर्ता का हुआ हादसा, हिंदुस्तान दृष्टि चैनल के एंकर अरविंद कुमार की तत्परता से घायल महिला को समय पर मिला उपचार


मुंगेली । हिंदुस्तान दृष्टि । मुंगेली-नवागढ़ मार्ग पर सोमवार को एक ऐसा सड़क हादसा सामने आया, जिसने एक बार फिर सड़क पर वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की आवश्यकता को उजागर कर दिया। लगभग दोपहर 3:30 बजे दुल्हिनबाय के पास एक महिला सड़क दुर्घटना का शिकार हो गईं। बताया जा रहा है कि आंगनबाड़ी केंद्र सम्बलपुर से जुड़ी महिला कार्यकर्ता मोटरसाइकिल से, मुंगेली से अपने घर की ओर लौट रही थीं। इसी दौरान चलते वाहन में उनका साड़ी का पल्लू हवा और गति के कारण बार-बार इधर-उधर हो रहा था। तभी अचानक साड़ी का पल्लू मोटरसाइकिल में फंस गया। पल्लू फंसते ही महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़ीं। दुर्घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही महिला सड़क पर गिरकर घायल हो चुकी थीं। हादसे में महिला के सिर, हाथ और पैरों में चोटें आईं, जिससे वह दर्द से कराहने लगीं। इसी दौरान मौके पर मौजूद हिंदुस्तान दृष्टि चैनल के एंकर और दैनिक हर्ष उजाला समाचार के ब्यूरो चीफ अरविंद कुमार ने बिना समय गंवाए मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय देते हुए तुरंत स्थिति को संभाला। उन्होंने सबसे पहले आसपास के लोगों को महिला की सहायता के लिए प्रेरित किया और तत्परता दिखाते हुए डायल 112 और 108 एम्बुलेंस सेवा को घटना की जानकारी दी। 


सूचना मिलते ही आपातकालीन सेवाओं ने भी तेजी दिखाई। बताया जा रहा है कि करीब 10 मिनट के भीतर 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंच गई। एम्बुलेंस कर्मियों ने तत्काल घायल महिला को प्राथमिक उपचार दिया और उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल मुंगेली ले जाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि समय रहते सहायता नहीं मिलती और एम्बुलेंस पहुंचने में देरी होती, तो महिला की परेशानी और बढ़ सकती थी। लोगों ने कहा कि दुर्घटना के बाद जिस तरह से अरविंद कुमार ने तत्काल सूझबूझ का परिचय देते हुए आपातकालीन सेवाओं को सूचना दी और घायल महिला की मदद के लिए आगे आए, वह सराहनीय है। स्थानीय लोगों ने उनकी मानवीय संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज के समय में हर व्यक्ति को दुर्घटना के समय इसी प्रकार आगे आकर मदद करनी चाहिए।



इस संबंध में हिंदुस्तान दृष्टि चैनल के एंकर अरविंद कुमार ने कहा, मैं 112 सेवा की वास्तविक स्थिति और उसकी कार्यप्रणाली को समझना चाहता था। लेकिन आज की घटना में जिस प्रकार से सूचना देने के बाद त्वरित प्रतिक्रिया मिली और 108 एम्बुलेंस महज 10 मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंच गई, वह वास्तव में सराहनीय है। आपातकालीन सेवाओं ने अपनी जिम्मेदारी का बेहतर निर्वहन किया है। मैं 112 और 108 की त्वरित सेवा की प्रशंसा करता हूं। उन्होंने आगे कहा कि यह दुर्घटना उन सभी लोगों के लिए एक सीख है जो साड़ी पहनकर दोपहिया वाहन चलाते हैं या उसमें सवारी करते हैं। साड़ी का पल्लू, दुपट्टा या ढीले कपड़े यदि ठीक से संभाले नहीं जाएं, तो वे वाहन के पहिए, चेन या अन्य हिस्सों में फंसकर गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं। इसलिए यात्रा के दौरान कपड़ों को सुरक्षित तरीके से संभालना और अतिरिक्त सावधानी बरतना बेहद आवश्यक है। यह घटना न केवल सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश देती है, बल्कि यह भी बताती है कि दुर्घटना के समय किसी की जान बचाने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका समय पर दी गई सूचना, त्वरित सहायता और मानवीय संवेदनशीलता की होती है। वहीं, हिंदुस्तान दृष्टि चैनल के एंकर अरविंद कुमार की सजगता, तत्परता और मानवीय पहल एक सकारात्मक उदाहरण के रूप में सामने आई है, जिसकी क्षेत्र में लोग सराहना कर रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ