मुंगेली । हिंदुस्तान दृष्टि। ग्राम पंचायत करही के ग्रामीणों ने गांव में व्याप्त विभिन्न मूलभूत समस्याओं को लेकर जनपद पंचायत मुंगेली में ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र निराकरण की मांग की है। सामाजिक कार्यकर्ता कुलदीप जांगड़े ने बताया कि ग्राम पंचायत करही के वार्ड क्रमांक 1 में नाली निर्माण नहीं होने के कारण घरों का गंदा पानी सड़कों एवं गलियों में जमा हो रहा है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा गंदगी के कारण संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बना हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि नाली व्यवस्था के अभाव में बरसात के दिनों में जलभराव की स्थिति और गंभीर हो जाती है, जिससे विशेष रूप से स्कूली बच्चों को स्कूल आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। खराब रास्तों और पानी भरने की समस्या के कारण बच्चों की सुरक्षा पर भी खतरा मंडराता है तथा उनकी शिक्षा प्रभावित होती है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत में नल-जल योजना के तहत पानी सप्लाई बंद है और नियमित रूप से पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है, जिसके कारण कई परिवारों को स्वच्छ पेयजल के लिए परेशान होना पड़ रहा है। उनका कहना है कि शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
ग्रामीणों ने जनपद पंचायत एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों से मांग की है कि ग्राम पंचायत करही की समस्याओं का शीघ्र निराकरण कर ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
वहीं इस संबंध में ग्राम पंचायत करही के सरपंच से दूरभाष पर चर्चा करने पर उन्होंने बताया कि नल-जल योजना में आई तकनीकी खराबी का मरम्मत कार्य करा दिया गया है तथा एक-दो दिनों के भीतर पेयजल आपूर्ति पुनः शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि नाली से संबंधित समस्या के समाधान के लिए गंदे पानी की साफ-सफाई कराई जाएगी और तत्काल राहत के लिए अस्थायी नाली की खुदाई भी कराई जाएगी। सरपंच ने आश्वासन दिया कि ग्रामवासियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। ग्रामीणों को अब पंचायत एवं प्रशासन स्तर पर शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद है।
0 टिप्पणियाँ