महामाई वार्ड एवं सुभाष वार्ड में बोर खनन मशीन खराब होने से पेयजल समस्या का समाधान अधर में, वार्डवासियों में चिंता

मुंगेली । हिंदुस्तान दृष्टि । शहर के महामाई वार्ड एवं सुभाष वार्ड में पेयजल संकट को दूर करने के लिए 24 जून को बोर खनन कार्य शुरू किया गया था, लेकिन मशीन में अचानक आई तकनीकी खराबी के कारण कार्य बीच में ही रुक गया। इससे क्षेत्रवासियों को पानी की समस्या के समाधान के लिए अभी और इंतजार करना पड़ सकता है। जानकारी के अनुसार, पानी की किल्लत को देखते हुए बोर खनन के लिए मशीन मौके पर पहुंची थी। मशीन ने करीब 10 से 15 मिनट तक कार्य किया और लगभग 20 फीट तक खनन किया, लेकिन अचानक मशीन खराब हो जाने से काम रोकना पड़ा। इसके बाद मशीन को वहां से हटा लिया गया, जबकि खनन कार्य से संबंधित कुछ समान अभी भी स्थल पर पड़े हुए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से पेयजल संकट बना हुआ है। बोर खनन कार्य शुरू होने से लोगों को उम्मीद जगी थी कि जल्द ही पानी की समस्या का समाधान होगा, लेकिन कार्य रुक जाने से उन्हें निराशा हुई है।
इस संबंध में वार्ड पार्षद अरविंद वैष्णव से दूरभाष पर चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि खनन के दौरान अचानक मशीन में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसके कारण कार्य रोकना पड़ा। पार्षद के अनुसार इस विषय में संबंधित इंजीनियर से चर्चा हो चुकी है और उन्हें जानकारी दी गई है कि एक-दो दिनों के भीतर दूसरी मशीन अथवा मशीन की मरम्मत कर पुनः बोर खनन कार्य शुरू किया जाएगा।
वार्डवासियों ने भी मांग की है कि जल्द से जल्द खनन कार्य पूरा कराया जाए, ताकि महामाई वार्ड और सुभाष वार्ड के लोगों को पेयजल संकट से राहत मिल सके। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि विभाग निर्धारित समय में कार्य पुनः शुरू कर समस्या का समाधान कर पाता है या नहीं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ