कलेक्टर जनदर्शन में धरमपुरा सरपंच के खिलाफ शिकायत, निर्माण कार्यों में अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप

मुंगेली । हिंदुस्तान दृष्टि । जनपद पंचायत मुंगेली क्षेत्र क्रमांक-19 की जनपद सदस्य निकिता रतिदास घृतलहरे ने कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन प्रस्तुत कर ग्राम पंचायत धरमपुरा के सरपंच पर विभिन्न निर्माण कार्यों में अनियमितता एवं भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। जनदर्शन में दिए गए आवेदन के अनुसार ग्राम पंचायत धरमपुरा में 15वें वित्त आयोग की राशि से किए गए विभिन्न विकास कार्यों में कथित तौर पर भारी गड़बड़ी की गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ कार्यों का भुगतान कर दिया गया, जबकि मौके पर कार्य नहीं हुआ या अधूरा है। हाई स्कूल परिसर में किए गए मुर्मीकरण कार्य तथा सीसी गली निर्माण कार्य में भी अनियमितता बरतने का आरोप लगाया गया है। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि मूलभूत मद की राशि के उपयोग में फर्जी बिल लगाकर शासकीय धन का दुरुपयोग किया गया है। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय निर्माण तथा राशन कार्ड जैसे जनकल्याणकारी कार्यों में हितग्राहियों से अवैध रूप से राशि वसूले जाने के आरोप भी लगाए गए हैं।
शिकायतकर्ता का कहना है कि आवास योजना के हितग्राहियों को कथित रूप से डराया-धमकाया जाता है कि यदि उन्होंने शिकायत की तो उनके भुगतान पर रोक लगवा दी जाएगी। आवेदन में यह भी दावा किया गया है कि ग्रामवासी कार्रवाई के डर से खुलकर सामने नहीं आ पा रहे हैं।
जनपद सदस्य निकिता रतिदास घृतलहरे ने अपने आवेदन में कहा है कि मामले की शिकायत पूर्व में भी की गई, लेकिन अब तक जांच नहीं हुई है। उन्होंने कलेक्टर से ग्राम पंचायत धरमपुरा में हुए कथित भ्रष्टाचार, वित्तीय अनियमितताओं और विकास कार्यों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। वही इस संबंध में धरमपूरा सरपंच को दूरभाष से जानकारी लेना चाहा लेकिन कॉल नहीं लग पाया। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ