48 घंटे में देवरहट लूटकांड का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार, 4 नाबालिग बाल अपचारी पकड़े गए, लूट का शत-प्रतिशत माल बरामद, घर से महिला का लूटपाट,फैली सनसनी

मुंगेली । हिंदुस्तान दृष्टि । मुंगेली पुलिस ने थाना लालपुर क्षेत्र के ग्राम देवरहट में हुई लूट की वारदात का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि घटना में शामिल 4 विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड में पेश कर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण, नगदी, मोबाइल और घटना में प्रयुक्त चाकू सहित शत-प्रतिशत संपत्ति बरामद कर ली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी माधुरी धिरही के नेतृत्व में साइबर सेल एवं थाना लालपुर की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार ग्राम देवरहट निवासी धरमीन बाई (55 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 22 जुलाई 2026 की रात करीब 12:30 बजे वह अपने पति नेतराम के साथ घर से बाहर निकल रही थीं। इसी दौरान मुंह पर कपड़ा बांधे 4-5 बदमाश घर में घुस आए। आरोपियों ने दंपती के साथ मारपीट की, चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और महिला के गले, कान, कमर, पैर व नाक में पहने सोने-चांदी के आभूषण, पति के गले की माला, अंगूठी, घड़ी, मोबाइल तथा घर में रखे करीब 8 से 9 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। घटना के दौरान नेतराम साहू के सिर पर वार कर उन्हें घायल भी कर दिया गया था। इस मामले में थाना लालपुर में अपराध क्रमांक 118/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(4), 331(6) एवं 111 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज, पुराने अपराधियों की गतिविधियों और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेहियों की पहचान की। पूछताछ में सोनू टंडन और देवी टंडन ने अपने साथी शैलेन्द्र टंडन, आर्यन जोशी उर्फ लेडी तथा 4 नाबालिग बाल अपचारियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने बाजार में धरमीन बाई को सोने-चांदी के गहने पहने देखकर उनके घर में लूट की योजना बनाई थी। वारदात की रात शैलेन्द्र टंडन, आर्यन जोशी और 4 नाबालिग घर के भीतर घुसे, जबकि सोनू टंडन और देवी टंडन मोटरसाइकिल से आसपास रेकी करते रहे। आरोपियों ने दंपती को चाकू, हंसिया और हथौड़ी दिखाकर आतंकित किया तथा नेतराम साहू के सिर पर वार कर घायल करने के बाद महिला के गहने, मोबाइल और नकदी लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों और बाल अपचारियों के कब्जे से 5 नग सोने की मनचली, 50 तोला चांदी का करधन, एक जोड़ी पायल, एक जोड़ी सोने के टॉप्स, एक चांदी की अंगूठी, एक सोने का पदुम, एक मोबाइल, 8,650 नकद तथा घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों में देवी टंडन (26 वर्ष), सोनू टंडन (23 वर्ष), शैलेन्द्र टंडन (18 वर्ष) और आर्यन जोशी उर्फ लेडी (18 वर्ष), सभी निवासी ग्राम पीपरखुंटा, थाना लालपुर शामिल हैं। चारों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि 4 विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया। पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई में साइबर सेल एवं थाना लालपुर की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ