मुंगेली। जिला मुख्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में ग्राम सुरीघाट निवासी महितोष बंजारा ने कलेक्टर के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर अपने घर में लगाए गए स्मार्ट बिजली मीटर को हटाकर पूर्व में लगा पुराना बिजली मीटर पुनः स्थापित करने की मांग की है। आवेदन में महितोष बंजारा ने बताया कि उनके घर में हाल ही में विद्युत विभाग द्वारा स्मार्ट मीटर लगाया गया है। उनका आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली की खपत सामान्य से अधिक दर्ज हो रही है, जिससे बिजली बिल भी पहले की तुलना में काफी अधिक आ रहा है। इसके कारण उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आवेदक ने कलेक्टर से मांग की है कि उनके स्मार्ट मीटर की तकनीकी जांच कराई जाए। यदि जांच में किसी प्रकार की त्रुटि या गड़बड़ी पाई जाती है, तो स्मार्ट मीटर को हटाकर पहले वाला बिजली मीटर पुनः लगाया जाए, ताकि वास्तविक बिजली खपत के अनुसार सही बिजली बिल प्राप्त हो सके। महितोष बंजारा ने कहा कि उनकी मांग का उद्देश्य केवल सही बिजली बिल प्राप्त करना है और उन्होंने प्रशासन से मामले में शीघ्र उचित कार्रवाई करने की अपेक्षा जताई है।
0 टिप्पणियाँ