मुंगेली । हिन्दुस्तान दृष्टि । गुरु ज्ञान प्रकाश पर्व के शुभारंभ अवसर पर आगामी 1 दिसंबर 2026 को मुंगेली जिला मुख्यालय में भव्य सतनाम शोभायात्रा निकाली जाएगी। आयोजन को सफल, ऐतिहासिक और यादगार बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार 30 अक्टूबर को स्थानीय रेस्ट हाउस में धर्म गुरु गुरु बालदास साहेब के सानिध्य एवं मार्गदर्शन में सतनामी समाज के पदाधिकारियों, समाज प्रमुखों और जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शोभायात्रा की तैयारियों, सामाजिक एकजुटता और व्यापक जनभागीदारी को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में धर्म गुरु गुरु बालदास साहेब, जो अखिल भारतीय सतनाम सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं गिरौधपुरी मेला विकास समिति के अध्यक्ष भी हैं, के मार्गदर्शन में आगामी आयोजन की रूपरेखा पर चर्चा हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य गुरु ज्ञान प्रकाश पर्व के शुभारंभ अवसर पर निकलने वाली एक दिवसीय सतनाम शोभायात्रा को भव्य स्वरूप प्रदान करना और समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करना रहा। इस दौरान शोभायात्रा के व्यवस्थित एवं गरिमामय आयोजन, सामाजिक अनुशासन, आपसी समन्वय और तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव रखे गए। साथ ही इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि आयोजन की जानकारी समाज के प्रत्येक व्यक्ति और प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंचे, ताकि मुंगेली जिला मुख्यालय में होने वाले इस धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन में अधिक से अधिक लोग शामिल हो सकें।
बैठक में उपस्थित समाज प्रमुखों एवं सामाजिक पदाधिकारियों ने गुरु ज्ञान प्रकाश पर्व के महत्व पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आयोजन सतनाम धर्म की महान परंपरा, गुरुजनों के विचारों और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। सतनाम शोभायात्रा के माध्यम से समाज की एकता, भाईचारे, समानता और सामाजिक सद्भाव का संदेश व्यापक स्तर पर प्रसारित करने का संकल्प व्यक्त किया गया। बैठक में संत समाज, समाज प्रमुखों, राज महंत, जिला महंत, ब्लॉक महंत, सेक्टर महंत, अठगवां महंत, साटीदार, भंडारी, अधिकारी-कर्मचारी तथा जिला, जनपद एवं ब्लॉक स्तर के जनप्रतिनिधियों सहित विभिन्न सामाजिक पदाधिकारियों की उपस्थिति रही। सभी ने आयोजन को सफल बनाने के लिए अपने स्तर पर सहयोग करने और समाज के लोगों को कार्यक्रम से जोड़ने की बात कही। गुरु ज्ञान प्रकाश पर्व के शुभारंभ पर आयोजित होने वाली इस भव्य सतनाम शोभायात्रा का उद्देश्य सतनाम धर्म के मूल सिद्धांतों, गुरु परंपरा, सामाजिक समानता, भाईचारे और मानवता के विचारों को समाज के साथ-साथ आमजन तक पहुंचाना है। इस आयोजन के माध्यम से नई पीढ़ी को भी अपने धर्म, संस्कृति और गुरु परंपरा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। आयोजकों ने समस्त सतनामी समाज के लोगों से अपील की है कि वे आगामी 1 दिसंबर 2026 को अधिक से अधिक संख्या में मुंगेली जिला मुख्यालय पहुंचकर भव्य सतनाम शोभायात्रा में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें और सामूहिक सहयोग से इस आयोजन को ऐतिहासिक एवं यादगार बनाएं।
बैठक में रहे प्रमुख रूप से उपस्थित, पूर्व विधायक चंद्रभान बारमते, सुखचंद भास्कर, कुंजन सतनामी, मानिकलाल सोनवानी, पार्षद विजय बंजारा, जैता सतनामी, प्रमोद टंडन, जय ओगरे, निलेश बंजारा, देवेंद्र बंजारा, दीपक महिलांगे, अखिल टोंडर, राजा मिरी, शिक्षक राम डिंडोरे, अरविंद बंजारा, निलेश सतनामी सहित सैकड़ों सामाजिक पदाधिकारी, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ