2 नवंबर को मुंगेली में निकलेगी ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा, विधायक पुन्नूलाल मोहले सहित उपमुख्यमंत्री अरुण साव होंगे शामिल

पांच मंडलों की बैठक में बनी रणनीति, कृषि उपज मंडी से शुरू होकर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों से गुजरेगी पदयात्रा

मुंगेली । हिन्दुस्तान दृष्टि । आगामी 2 नवंबर को मुंगेली में आयोजित होने वाली ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा की तैयारियों को लेकर मुंगेली विधानसभा क्षेत्र के पांच मंडलों की संयुक्त बैठक जिला भाजपा कार्यालय अटल परिसर में आयोजित की गई। पदयात्रा में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, वहीं मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले की उपस्थिति रहेगी। बैठक में पदयात्रा की रूपरेखा, कार्यकर्ताओं की सहभागिता और आयोजन को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिला भाजपा अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस देशभर में यह भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार वोट चोरी के जरिए बनी है। कांग्रेस चुनाव आयोग पर आरोप लगा रही है, जबकि उसके नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार 100 से अधिक चुनाव हार चुके हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अराजक तत्वों की भीड़ लेकर मोदी सरकार को बदलने का सपना देख रहे हैं। वे जब भी ऐसा कृत्य करते हैं और प्रधानमंत्री के प्रति अपशब्दों का प्रयोग करते हैं, तब देश की जनता उनके और करीब आ जाती है। वहीं प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य शैलेश पाठक ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस द्वारा देश में अराजकता फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी विषय से आम जनता को अवगत कराने के उद्देश्य से 2 नवंबर को मुंगेली में पदयात्रा आयोजित की जा रही है। उन्होंने बताया कि पदयात्रा दोपहर 2 बजे कृषि उपज मंडी प्रांगण से उपमुख्यमंत्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य एवं विधायक पुन्नूलाल मोहले की उपस्थिति में प्रारंभ होगी। यह पदयात्रा महाराणा प्रताप चौक पड़ाव, मां परमेश्वरी चौक बालानी, देवांगनपारा, नंदी चौक मलहापारा और शहीद हेमू कालानी चौक सिंधी कॉलोनी होते हुए पुनः कृषि उपज मंडी प्रांगण पहुंचेगी, जहां इसका समापन सभा के रूप में होगा। सभा को उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे। बैठक में मुंगेली नगर मंडल, मुंगेली ग्रामीण मंडल, सेतगंगा मंडल, जरहागांव मंडल एवं लौदा मंडल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्रों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। सभी मंडलों के कार्यकर्ताओं से 2 नवंबर को दोपहर 1 बजे तक कृषि उपज मंडी प्रांगण पहुंचने का आह्वान किया गया। बैठक के अंत में अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के आकस्मिक निधन पर उपस्थित भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ