नेवासपुर में दो महीने से बिजली की आंख-मिचौली, ग्रामीण परेशान; युवा कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी

एक सप्ताह में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो युवा कांग्रेस करेगी धरना-प्रदर्शन और उग्र आंदोलन

मुंगेली । हिन्दुस्तान दृष्टि ।  ग्राम नेवासपुर में पिछले दो महीनों से बिजली की समस्या ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। गांव में बार-बार बिजली गुल होने से लोगों को रोजमर्रा के कामकाज में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, बिजली की समस्या का मुख्य कारण ट्रांसफार्मर में कोई बड़ी खराबी नहीं, बल्कि ट्रांसफार्मर के पास लगे केबल, ट्रांसफार्मर के लग्स और खूंटी से संबंधित तकनीकी समस्या बताई जा रही है। स्थिति यह है कि बिजली आपूर्ति बाधित होने पर ग्रामीणों की मदद से गांव के कुछ लोग अस्थायी रूप से मरम्मत कर बिजली व्यवस्था बहाल करते हैं। लेकिन यह अस्थायी व्यवस्था ज्यादा समय तक नहीं टिक पाती और प्रतिदिन कई बार इसी तरह मरम्मत करनी पड़ती है। इससे जहां ग्रामीणों को लगातार बिजली की समस्या से जूझना पड़ रहा है, वहीं बार-बार अस्थायी मरम्मत किए जाने से सुरक्षा संबंधी खतरा भी बना हुआ है।

ग्रामीणों की मांग है कि बिजली विभाग द्वारा समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि बार-बार होने वाली बिजली कटौती से उन्हें राहत मिल सके। इस मामले को अब मुंगेली युवा कांग्रेस के पदाधिकारी अजय साहू ने गंभीरता से उठाया है। उन्होंने बिजली विभाग से जल्द से जल्द तकनीकी खामियों को दूर कर गांव में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। गौरतलब है कि आने वाले सप्ताह में दीपावली का त्योहार बड़े धूमधाम से मनाया जाएगा। ऐसे में पिछले दो महीनों से बिजली की समस्या झेल रहे नेवासपुर के ग्रामीणों को उम्मीद है कि त्योहार से पहले बिजली व्यवस्था दुरुस्त हो जाएगी, ताकि वे भी अपने घरों को रोशन कर हर्षोल्लास के साथ दीपावली मना सकें। युवा कांग्रेस पदाधिकारी अजय साहू ने चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि एक सप्ताह के भीतर ग्राम नेवासपुर की बिजली समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो युवा कांग्रेस द्वारा बिजली विभाग के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद भी समस्या का निराकरण नहीं होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ