गिरीश शुक्ला बोले- सत्ता परिवर्तन का अधिकार जनता को, अराजकता के जरिए सत्ता हासिल करने की कोशिश कर रहा विपक्ष
मुंगेली । हिन्दुस्तान दृष्टि । जिला मुख्यालय स्थित अटल परिसर जिला भाजपा कार्यालय में मुंगेली विधानसभा क्षेत्र के प्रबुद्ध एवं वरिष्ठजनों की आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांग्रेस द्वारा लोकतंत्र के खिलाफ कथित रूप से फैलाई जा रही अराजकता और देश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों से उपस्थित प्रबुद्धजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को अवगत कराया गया। बैठक को संबोधित करते हुए अविभाजित बिलासपुर जिले के पूर्व भाजपा अध्यक्ष एवं प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य गिरीश शुक्ला ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता से बाहर होने के बाद कांग्रेस लगातार छटपटा रही है और किसी भी तरह सत्ता पर कब्जा करना चाहती है। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा देश में 'रिजीम चेंज' की बात उठाए जाने पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि रिजीम चेंज का अर्थ सत्ता परिवर्तन है, जबकि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सत्ता परिवर्तन का अधिकार केवल जनता को चुनाव के माध्यम से प्राप्त है। जनता अपने बहुमूल्य मतों से किसी पार्टी को सत्ता में बैठाती है और उसी अधिकार से उसे सत्ता से बाहर भी करती है। ऐसे में चुनाव के अभाव में सत्ता परिवर्तन की बात करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। गिरीश शुक्ला ने कांग्रेस के वोट चोरी संबंधी आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने देश के प्रथम प्रधानमंत्री के चयन और सरदार वल्लभभाई पटेल के संदर्भ का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर सवाल उठाए। साथ ही उन्होंने कहा कि राहुल गांधी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर आरोप लगाते हैं कि उन्होंने मोदी सरकार बनवाई, जबकि लोकसभा चुनाव 2024 में हुए थे और ज्ञानेश कुमार वर्ष 2025 में मुख्य चुनाव आयुक्त बने। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सहित विपक्ष देश में अराजकता के माध्यम से सत्ता हासिल करने की कोशिश कर रहा है। इसके लिए उन्होंने बांग्लादेश, श्रीलंका और नेपाल में हुए घटनाक्रमों का उदाहरण भी दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लगातार की जा रही टिप्पणियों से भाजपा का जनसमर्थन और बढ़ रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री के पिता को लेकर की गई टिप्पणी को भी उन्होंने राजनीतिक रूप से अनुचित बताया।
इससे पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी ने स्वागत भाषण देते हुए देश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े विषयों पर अपनी बात रखी। प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य शैलेश पाठक एवं प्रेम आर्य, प्रबुद्धजन कार्यक्रम के संयोजक सुनील पाठक तथा वरिष्ठ भाजपा नेता गनपत गंधर्व ने भी बैठक को संबोधित किया। वक्ताओं ने कांग्रेस की नीतियों और विपक्ष की राजनीतिक गतिविधियों पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन जिला मीडिया प्रभारी रामशरण यादव ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन नगर मंडल प्रभारी पवन पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी प्रबुद्ध एवं वरिष्ठजनों का भगवा गमछा पहनाकर तथा पुष्पमाला से सम्मान किया गया। बैठक में श्रीकांत गोवर्धन, जेठमल कोटड़िया, चंपालाल सुथार, सेवानिवृत्त सहायक प्राध्यापक एसएनजी कॉलेज अशोक गुप्ता, लोकनाथ सिंह, वरिष्ठ नागरिक संघ के पदाधिकारी एवं पत्रकार प्रमोद पाठक, द्वारिका जायसवाल, मोहन भोजवानी, जनपद अध्यक्ष रामकमल सिंह, मानिकलाल सोनवानी, शिवकुमार बंजारा, रजनी सोनवानी, भरतलाल सोनी, शंकर सिंह, पवन पाण्डेय, तरुण खांडेकर, राणा प्रताप सिंह, कोटू दादवानी, राजीव श्रीवास, सुखचंद साहू, मन्नूलाल श्रीवास्तव, विजय यादव एवं राजेश्वर टंडन सहित विभिन्न मंडलों के भाजपा कार्यकर्ता और नागरिकगण उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ