मुंगेली में उपमुख्यमंत्री अरुण साव के नेतृत्व में निकली ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा, कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर साधा निशाना

दिल्ली में कांग्रेस की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली के एक दिन बाद मुंगेली में भाजपा का आयोजन, 11 मंडलों के कार्यकर्ताओं ने लिया हिस्सा

मुंगेली । हिन्दुस्तान दृष्टि । देश में चुनाव प्रक्रिया, निर्वाचन आयोग और लोकतांत्रिक संस्थाओं को लेकर जारी राजनीतिक बहस के बीच मुंगेली में भारतीय जनता पार्टी ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत पदयात्रा एवं सभा का आयोजन किया। सोमवार को आदर्श कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने किया। इसमें भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और जिले के सभी 11 मंडलों से पहुंचे बड़ी संख्या में पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सहभागिता निभाई। 

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली आयोजित की थी। इस रैली में राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी वाड्रा सहित इंडिया गठबंधन के विभिन्न दलों के नेता शामिल हुए। विपक्षी नेताओं ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), कथित वोट चोरी और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए तथा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। विपक्ष का कहना था कि मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं से मतदाताओं के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। वहीं, निर्वाचन आयोग और केंद्र सरकार की ओर से मतदाता सूची के पुनरीक्षण को पात्रता सुनिश्चित करने और अपात्र प्रविष्टियों को हटाने की प्रक्रिया बताया गया है।
इसी राजनीतिक पृष्ठभूमि के बीच मुंगेली में आयोजित भाजपा की पदयात्रा में वक्ताओं ने कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के आरोपों पर सवाल उठाते हुए संवैधानिक संस्थाओं एवं चुनावी प्रक्रिया के सम्मान की बात कही। पदयात्रा कृषि उपज मंडी से प्रारंभ होकर महाराणा प्रताप चौक, माता परमेश्वरी चौक, नंदी चौक और शहीद हेमू कालाणी चौक होते हुए पुनः कृषि उपज मंडी पहुंची। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान और जनजागरण का संदेश दिया। सभा को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष लगातार चुनावी प्रक्रिया और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि पहले ईवीएम पर सवाल उठाए गए, फिर संविधान खतरे में होने की बात कही गई, इसके बाद एसआईआर प्रक्रिया का विरोध किया गया और अब निर्वाचन आयोग पर आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास जीतने के बजाय अलग-अलग मुद्दों के माध्यम से भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। उनके अनुसार विपक्ष की परेशानी यह है कि उसे चुनावों में जनता का अपेक्षित समर्थन नहीं मिल रहा है। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2029 के लक्ष्य को लेकर भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता तैयारी में जुटा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि इंडिया गठबंधन लोकतंत्र बचाने की बात करता है, लेकिन जनादेश से चुनी हुई सरकार को अस्थिर करने के लिए राजनीतिक हथकंडे अपना रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक ताकत जनता का जनादेश है और प्रत्येक राजनीतिक दल को उसका सम्मान करना चाहिए। मुंगेली विधायक एवं पूर्व मंत्री पुन्नूलाल मोहले ने कहा कि ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम का उद्देश्य आम जनता के सामने तथ्यों और वास्तविक परिस्थितियों को रखना तथा कांग्रेस एवं इंडिया गठबंधन द्वारा उठाए जा रहे सवालों के संदर्भ में जनजागरण करना है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का विश्वास और जनादेश सर्वोपरि है। जिस चुनावी प्रक्रिया के माध्यम से विपक्षी दलों के जनप्रतिनिधि स्वयं निर्वाचित होकर आते हैं, उसी प्रक्रिया और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना गंभीर विषय है। मोहले ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा केवल नारों से नहीं, बल्कि संविधान और कानून के पालन से होती है। प्रत्येक नागरिक एवं कार्यकर्ता को सजग और जागरूक रहकर लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए अपनी भूमिका निभानी चाहिए। कार्यक्रम में प्रमुख अतिथि के रूप में संभाग प्रभारी रामू रोहरा, जिला प्रभारी ज्योतिनंद दुबे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय, जनपद पंचायत मुंगेली अध्यक्ष रामकमल सिंह, जनपद पंचायत लोरमी अध्यक्ष वर्षा विक्रम सिंह, लोरमी नगर पालिका अध्यक्ष सुजीत वर्मा, नगर पालिका मुंगेली उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा, पूर्व सांसद लखनलाल साहू, गिरीश शुक्ला, नरेंद्र शर्मा, शैलेष पाठक, कोमल गिरी गोस्वामी, प्रेम आर्य, शांति देवचरण भास्कर एवं लोकनाथ सिंह सहित अनेक वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा भाजपा जिला मुंगेली के सभी 11 मंडलों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं के साथ महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, किसान मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के प्रारंभ में भाजपा जिलाध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी ने स्वागत भाषण देते हुए आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री गुरमीत सलूजा ने किया तथा आभार प्रदर्शन जिला महामंत्री कैलाश सिंह ठाकुर ने किया। कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक व्यवस्था, संवैधानिक संस्थाओं और जनता के जनादेश के सम्मान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। उक्त जानकारी जिला मीडिया प्रभारी रामशरण यादव ने दी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ