एन.एच.45 विस्तारित बना अफसरशाही का नमूना,मुख्यमंत्री और लोनिवि मंत्री के प्रवास से भी नहीं सुधरे हलात।


प्रेस छत्तीसगढ़ महिमा बिलासपुर :  जीपीएम जिला गठन के बाद सूदूर अंचल में बसे गाँवों और कस्बाई ग्रामों को दूरसंचार से जोड़ने हेतु भारत नेट, एयरटेल, आइडिया सहित सात कंपनीयों द्वारा रा.रा.मार्ग 45 विस्तारित (रतनपुर से कबीर चबूतरा- पुराना आर एम के के मार्ग) के समानांतर भूमिगत केबल बिछाने का काम द्रुतगति से चल रहा है। पहले काम खत्म करने के होड़ में केबल कंपनियों द्वारा सरकारी कायदा कानून का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है। सड़क के दोनों किनारों में  बेतरतीब ढंग से गड्ढे खोदे जा रहे हैं। कंपनीयों द्वारा सड़क के मध्य से न्यूनतम दूरी संबंधी नियम का पालन नहीं किया जा रहा। गड्ढा खुदाई से निकले मिट्टी को सड़क में डाला जा रहा है। फर्लांग दर फर्लांग  गड्ढा खुदाई से केबल विस्तारण प्रक्रिया में लगभग एक सप्ताह का समय लगता है। अचानकमार टाईगर रिजर्व मार्ग में भारी वाहन प्रतिबंधित होने के बाद औसत से अधिक यातायत दबाव इस रा.रा.मार्ग में पड़ रहा है। ऐसे में बिना सुरक्षापट्टी लगाये कंपनियों द्वारा खुला छोड़ दिये गये गड्ढे और सड़क में फैली मिट्टी रात में दुर्घटना का कारण बन रहे हैं। विगत दिनों कि.मी. 12/6 में मोटरसाइकिल सवार गाड़ी सहित गड्ढा में गिरकर घायल हो गया। 19/8  में सड़क में फैली गिली मिट्टी में फिसलकर दो दुपहिया वाहनों में जबरदस्त टक्कर हो गई। 
 राजपत्र में केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय द्वारा जारी गाईडलाईन के अनुसार सरकारी/ गैरसरकारी किसी भी प्रयोजन हेतु सड़क किनारे खुदाई हेतु सड़क के मध्य से न्यूनतम 12.20 मीटर दूरी होना जरुरी है। किन्तु कंपनियों द्वारा सड़क के एकदम किनारे पटरी में गड्ढे खोदे गये हैं। ऊपर से लापरवाही का आलम यह कि केबल विस्तारण पूर्ण होने के बाद भी कंपनियों द्वारा गड्ढों को पाटने के बजाय खुला छोड़ दिया गया है।
 संवाद लेखक द्वारा रा.रा.मार्ग विभाग से जानकारी लिये जाने पर ज्ञात हुआ कि कंपनीयों के द्वारा केवल विस्तारण हेतु रायपुर के क्षेत्रीय कार्यालय में अनुमति हेतु आवेदन लगाया गया है,जो कि अभी प्रक्रियाधीन है।  सवाल उठता है कि आखिर किसके शह पर केवल कंपनीयों द्वारा बिना अधिकारिक स्वीकृति के कार्य आरंभ कर 0 से 30 किमी तक कार्य पूर्ण भी कर लिया गया?
   ऊपर से तुर्रा यह कि इस दौरान रा.रा.मार्ग छ.ग.के  मुख्य अभियंता दो बार, अधीक्षण अभियंता बिलासपुर , कार्यपालन अभियंता बिलासपुर तीन-तीन बार  इस सड़कमार्ग का दौरा कर चुके हैं।                            बिना अधिकारिक अनुमति के गड्ढा खुदाई के अलावा इस रा.रा.मार्ग में कि.मी. 32 से 50 तथा 82 से 97 तक लगभग 33 किमी में बड़े बड़े गड्ढों की भरमार है।      ज्ञात हो कि उक्त 33 में 20 किमी हिस्सा खतरनाक घाटी वाला है।                                                        जिसमें पेंच रिपेयर के नाम पर पिछले छह महीनों से विभाग द्वारा चूहा बिल्ली का खेल खेला जा रहा है।  



 हैरत की बात यह कि 6 जनवरी 20 को प्रदेश के मुखिया माननीय भूपेश बघेल जी के जोगीसार प्रवास और दो माह पूर्व लोनिवि मंत्री माननीय ताम्रध्वज साहू के पेण्ड्रा प्रवास के बावजूद सड़क और विभाग के रवैया में कोई बदलाव नहीं आया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ