प्रवेश द्वार बना शोपीस, लेकिन रास्ता बदहाल… मुंगेली-रायपुर रोड पर कीचड़ और गड्ढों से राहगीर परेशान

मुंगेली । हिंदुस्तान दृष्टि । शहर की खूबसूरती बढ़ाने और बाहर से आने वाले लोगों के स्वागत के लिए नगर पालिका द्वारा मुंगेली-रायपुर मुख्य मार्ग पर प्रवेश द्वार का निर्माण कराया गया है, लेकिन प्रवेश द्वार तक पहुंचने वाला मार्ग ही बदहाली की तस्वीर पेश कर रहा है। हालात यह हैं कि यहां से गुजरना राहगीरों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है।
प्रवेश द्वार के आसपास बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। बारिश के कारण गड्ढों में पानी भरने और आसपास कीचड़ फैलने से पैदल चलने वालों सहित दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रवेश द्वार के दोनों ओर का क्षेत्र पूरी तरह अव्यवस्थित नजर आ रहा है। जहां लोगों को बेहतर सुविधा मिलनी चाहिए थी, वहीं अधूरे निर्माण और खराब सड़क व्यवस्था के कारण परेशानी बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर के मुख्य प्रवेश मार्ग पर इस तरह की स्थिति नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है। लाखों रुपये खर्च कर आकर्षक प्रवेश द्वार तो बना दिया गया, लेकिन उसके आसपास सड़क और आवागमन की व्यवस्था को नजरअंदाज कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि यहां सड़क को पूरी तरह विकसित नहीं किया गया है और केवल सिंगल रोड का निर्माण किया गया है, जबकि बड़े-बड़े गड्ढे और खराब किनारे दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। बारिश के मौसम में स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे राहगीरों को कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है।
शहर के प्रवेश द्वार को विकास की पहचान माना जाता है, लेकिन वर्तमान स्थिति में यह प्रवेश द्वार नगर विकास की बजाय अव्यवस्था की तस्वीर दिखा रहा है। लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क का मरम्मत कार्य कराकर गड्ढों को भरा जाए और प्रवेश द्वार के आसपास का क्षेत्र व्यवस्थित किया जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ