कांग्रेस भवन में मनाई गई डॉ. सुब्बाराव हरदयकर की पुण्यतिथि, सेवादल ने दी विनम्र श्रद्धांजलि

मुंगेली । हिंदुस्तान दृष्टि । जिला कांग्रेस सेवा दल के तत्वावधान में आज कांग्रेस भवन में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं कांग्रेस सेवादल के संस्थापक डॉ. नारायण सुब्बाराव हरदयकर की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने डॉ. हरदयकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने डॉ. सुब्बाराव हरदयकर के जीवन एवं राष्ट्रसेवा में उनके योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने देश की स्वतंत्रता और संगठन निर्माण के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कांग्रेस सेवादल को मजबूत बनाने तथा युवाओं में राष्ट्रसेवा की भावना जागृत करने में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके विचार और सेवा भावना आज भी कार्यकर्ताओं को समाज एवं राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देती है।
जिला कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष दिलीप बंजारा ने कहा कि डॉ. हरदयकर का पूरा जीवन देशसेवा, अनुशासन और संगठन के प्रति समर्पित रहा। उनके आदर्शों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उनके बताए मार्ग पर चलते हुए जनसेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष सेवादल जलेश्वर यादव, सेवादल महामंत्री याकूब खान, युवा नेता अमित बंजारा, मीनेश घृतलहरे, राजा मानिक सहित कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने डॉ. सुब्बाराव हरदयकर को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके बताए आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ