मुंगेली । हिंदुस्तान दृष्टि । युवा चेतना सामाजिक मंच डांडगांव के तत्वावधान में वीर बलिदानी राजा गुरु बालकदास जयंती एवं प्रतिभा सम्मान समारोह–2026 का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में समाज के महापुरुषों के जीवन, विचारों एवं संघर्षों को स्मरण करते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विनोद कुमार कोशले ने कहा कि राजा गुरु बालकदास जी का जीवन सामाजिक जागरूकता, समानता और मानव कल्याण की प्रेरणा देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा को अपने जीवन का आधार बनाकर समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रतिभा का सम्मान विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाता है और उन्हें बेहतर करने के लिए प्रेरित करता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सन्नी कुमार भार्गव सभापति जनपद पंचायत पथरिया ने की। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति शिक्षा और संस्कारों से ही संभव है। विद्यार्थियों की उपलब्धियों को सम्मानित करना केवल उनका उत्साहवर्धन नहीं, बल्कि अन्य बच्चों को भी मेहनत और लगन के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने युवा चेतना सामाजिक मंच द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं रचनात्मक कार्यों की सराहना की।
विशिष्ट अतिथि मोहन लहरी ने कहा कि महापुरुषों की जयंती को केवल समारोह तक सीमित न रखकर उनके विचारों को अपने व्यवहार और सामाजिक जीवन में उतारना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को उचित मंच और अवसर मिलने से वे आगे चलकर समाज का नाम रोशन कर सकते हैं।
विशिष्ट अतिथि बलजीत सिंह कांत एवं जितेंद्र गेंदले ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा, अनुशासन और निरंतर परिश्रम को सफलता की कुंजी बताया।
प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान
समारोह में विभिन्न कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र, स्मृति-चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
कक्षा 12वीं में खुशी भार्गव ने 88.8 प्रतिशत के साथ प्रथम, आंचल ने 88 प्रतिशत के साथ द्वितीय तथा नरगिज ने 86.6 प्रतिशत के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कक्षा 10वीं में रागनी ने 90.16 प्रतिशत के साथ प्रथम, राधिका ने 90 प्रतिशत के साथ द्वितीय तथा विवेक बघेल ने 86.16 प्रतिशत के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कक्षा 8वीं में जाह्नवी (90%), मनीषा (88%) एवं सकीना (87%), कक्षा 7वीं में दुर्गेश मिरी (90%), निशा सोनवानी (88%) एवं सत्यम (86%), तथा कक्षा 6वीं में कामिनी (93%), प्रेमा (91%) एवं शानवी (90%) ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया।
पंथी कार्यक्रम रहा आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम में मानव कल्याण पंथी पार्टी, भटगांव द्वारा आकर्षक पंथी कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। पंथी प्रस्तुति के माध्यम से सामाजिक चेतना, समता और मानव कल्याण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में प्राचार्य बी.पी. पाली सहित शिक्षक नरेश रात्रे, परमेश्वर रॉय, दिलीप पात्रे, एस.डी. बांधले, प्रेम भार्गव, सुशांत घोंसले, धनलाल घृतलहरे, धन कुमार सोनवानी, मुनिराम कोशले एवं तारेश आनंद सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन शैलेश कुमार जी ने की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में युवा चेतना सामाजिक मंच डांडगांव के आयोजक सदस्य सूर्यकांत गोयल, टिकेश आहिरे, रॉकी गेंदले, हर्ष कोशले, विकास घोंसले, कमलेश चतुर्वेदी, नीतीश भास्कर, नामदास घोंसले, सुगंध भास्कर, सुजल आनंद एवं दीपेश कोशले का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
0 टिप्पणियाँ