वीर बलिदानी गुरु बालकदास जयंती पर मुंगेली में निकली भव्य शोभायात्रा, पंथी नृत्य ने मोहा मन

मुंगेली । हिंदुस्तान दृष्टि । वीर बलिदानी गुरु बालकदास जयंती के अवसर पर शुक्रवार, 4 सितंबर 2026 को मुंगेली में सतनामी समाज एवं छत्तीसगढ़ सतनाम महासंघ के तत्वावधान में जयंती समारोह और भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। शोभायात्रा के दौरान शहर में जगह-जगह पंथी नृत्य, पिरामिड प्रदर्शन और अखाड़ा दलों की प्रस्तुतियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम की शुरुआत सतनाम भवन में परम पूज्य बाबा गुरु घासीदास जी के जय स्तंभ पर समाज के लोगों द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके पश्चात ताशा, डीजे एवं अखाड़ा दलों के साथ विशाल शोभायात्रा निकाली गई।

 शोभायात्रा में सतनामी समाज के संतों एवं बड़ी संख्या में समाजजन ने सहभागिता की। शोभायात्रा के दौरान गुरु घासीदास चौक सहित मुंगेली शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर पंथी नृत्य एवं आकर्षक पिरामिड का प्रदर्शन किया गया। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने लोगों को खूब आकर्षित किया। भटगांव में आयोजित पंथी नृत्य कार्यक्रम को मुख्य अतिथि मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले ने भी देखा और कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना की। शोभायात्रा में शामिल संतों एवं समाजजनों के लिए विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संगठनों और लोगों द्वारा पंडाल लगाकर पेयजल एवं फलों की व्यवस्था की गई। इससे शोभायात्रा में शामिल लोगों को राहत मिली। पूरे आयोजन के दौरान समाजजनों ने शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से शोभायात्रा में सहभागिता की। आयोजन में सामाजिक एकता, भाईचारे और समरसता का संदेश देखने को मिला। आयोजकों एवं समाजजनों के सामूहिक प्रयास से वीर बलिदानी गुरु बालकदास जयंती का कार्यक्रम गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ