खनिज विभाग के शासकीय वाहन के उपयोग और पूर्व शिकायतों को लेकर सीएम हेल्पलाइन में शिकायत

मुंगेली । हिंदुस्तान दृष्टि । जिला खनिज शाखा के शासकीय वाहन क्रमांक CG 02 AU 0149 के उपयोग तथा खनिज विभाग में वाहन चालक की चयन प्रक्रिया को लेकर शिकायतकर्ता समीर कुमार टंडन ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में शासकीय वाहन के कथित निजी उपयोग, वाहन के संचालन से संबंधित अभिलेखों की जांच तथा पूर्व में प्रस्तुत शिकायतों पर हुई कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, समाचार माध्यमों में प्रकाशित जानकारी के आधार पर शासकीय वाहन के मुंगेली से लगभग 50-60 किलोमीटर दूर रतनपुर क्षेत्र के भैंसामुड़ा स्थित एक निजी स्थान तक जाने की बात सामने आई थी। शिकायत में इस संबंध में वाहन की लॉगबुक, जीपीएस रिकॉर्ड, यात्रा विवरण, ईंधन व्यय एवं डीजल पर्चियों की जांच कराने का अनुरोध किया गया है। साथ ही वाहन चालक की ड्यूटी चार्ट एवं संबंधित यात्रा आदेशों की भी जांच की मांग की गई है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वाहन का उक्त स्थान पर जाना शासकीय कार्य के तहत था अथवा नहीं। इसके अलावा शिकायत में जिला खनिज विभाग में वाहन चालक राकेश दुबे की भर्ती एवं चयन प्रक्रिया को लेकर पूर्व में की गई शिकायतों का भी उल्लेख किया गया है। शिकायतकर्ता ने संबंधित चयन प्रक्रिया के अभिलेखों की निष्पक्ष जांच कराने तथा पूर्व शिकायतों पर हुई जांच एवं कार्रवाई का प्रतिवेदन उपलब्ध कराने की मांग की है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत WP260900183959 दर्ज की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायत को आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला खनन पदाधिकारी को भेजा गया है। अब संबंधित विभाग द्वारा शिकायत में उठाए गए बिंदुओं की जांच और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जानी है। यह शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों और जांच की मांग पर आधारित है। आरोपों की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

                    पूर्व में प्रकाशित समाचार

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ