मुंगेली । हिंदुस्तान दृष्टि । जनपद पंचायत मुंगेली के जनपद सदस्य तरुण पाटले ने अपना जन्मदिन इस बार सादगी, आत्मीयता और सामाजिक सरोकार से जुड़े अनोखे अंदाज में मनाया। जन्मदिन के अवसर पर कार्यकर्ताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। जन्मदिन की शुरुआत सतनाम चौक में पूजा-अर्चना के साथ हुई, जहां तरुण पाटले ने विधिवत पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि एवं क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। इसके बाद वे अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ वृद्धाश्रम पहुंचे। यहां उन्होंने बुजुर्गों के बीच बैठकर आत्मीयता से बातचीत की, उनका हालचाल जाना और उनके साथ समय बिताया। इसके बाद बुजुर्गों के बीच केक काटकर जन्मदिन की खुशियां साझा कीं और उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान वृद्धाश्रम का माहौल बेहद आत्मीय और खुशनुमा नजर आया। आमतौर पर जन्मदिन के अवसर पर लोग अपने परिवार, मित्रों और समर्थकों के साथ जश्न मनाते हैं, लेकिन तरुण पाटले ने अपने खास दिन की खुशियां वृद्धाश्रम के बुजुर्गों के साथ साझा कर इसे यादगार बना दिया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि तरुण भैया का जन्मदिन मनाने का यह अंदाज दूसरों से अलग रहा। बुजुर्गों के बीच जाकर उनके साथ केक काटना और उनका आशीर्वाद लेना केवल जन्मदिन का उत्सव नहीं, बल्कि बुजुर्गों के प्रति सम्मान और अपनत्व की भावना को दर्शाता है। एक कार्यकर्ता ने कहा कि जन्मदिन पर मिलने वाले उपहार और बधाइयां अपनी जगह हैं, लेकिन बुजुर्गों का आशीर्वाद सबसे बड़ा उपहार होता है। तरुण पाटले ने अपने जन्मदिन पर बुजुर्गों के बीच पहुंचकर जिस तरह खुशियां बांटीं, वह हम सभी के लिए प्रेरणादायक है। इस दौरान समर्थकों ने भी तरुण पाटले को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके सामाजिक कार्यों और सरल व्यवहार की सराहना की। सतनाम चौक में पूजा-अर्चना से लेकर वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के बीच जन्मदिन मनाने तक पूरा कार्यक्रम सादगी, सेवा, संवेदनशीलता और सामाजिक जुड़ाव का संदेश देता नजर आया। तरुण पाटले का यह अंदाज क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा और उनके समर्थकों ने इसे जन्मदिन मनाने का एक बेहद आत्मीय एवं सराहनीय तरीका बताया।
0 टिप्पणियाँ