पत्रकारिता के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि, प्रदेश स्तरीय पत्रकार सम्मान से अरविंद बंजारा सम्मानित, मुंगेली के पत्रकार साथियों की मौजूदगी में मिला सम्मान पत्र

मुंगेली। हिंदुस्तान दृष्टि । पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रियता, जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और समाज की आवाज को जिम्मेदारी के साथ सामने रखने के लिए पत्रकार अरविंद बंजारा को प्रदेश स्तरीय पत्रकार सम्मान से सम्मानित किया गया। दैनिक सुधर गांव समाचार के 14वें स्थापना दिवस एवं हिंदी पत्रकारिता की 200 वर्ष गौरव यात्रा के अवसर पर आयोजित प्रदेश स्तरीय पत्रकार सम्मान समारोह-2026 में अरविंद बंजारा को पत्रकारिता सहित समाज सेवा, शिक्षा एवं सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान पत्र प्रदान किया गया। यह सम्मान समारोह 26 जुलाई 2026 को आरंग, जिला रायपुर में आयोजित हुआ था, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब उपस्थित रहे। सम्मान पत्र में अरविंद बंजारा को पत्रकारिता/समाज सेवा/शिक्षा/नारी सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किए जाने का उल्लेख है। इसी सम्मान पत्र को आज मुंगेली में पत्रकार साथियों की उपस्थिति में सर्व पत्रकार एकता महासंघ छत्तीसगढ़ के पदाधिकारियों द्वारा ससम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर सर्व पत्रकार एकता महासंघ छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद कुमार बंजारे, प्रदेश सचिव श्रवण कुमार घृतलहरे, प्रदेश संरक्षक भागवत पात्रे एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष जगदीश घृतलहरे सहित मुंगेली के पत्रकार साथी उपस्थित रहे। पत्रकार साथियों ने अरविंद बंजारा को सम्मान मिलने पर बधाई देते हुए कहा कि पत्रकारिता समाज और शासन-प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी है और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाना पत्रकार की बड़ी जिम्मेदारी है। स्थानीय स्तर पर जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों और आम लोगों से जुड़े विषयों को प्रमुखता से सामने लाने में अरविंद बंजारा की सक्रियता को साथियों ने सराहा। सम्मान प्राप्त होने पर अरविंद बंजारा ने दैनिक सुधर गांव समाचार के आयोजक एवं संपादक श्रवण कुमार घृतलहरे, सर्व पत्रकार एकता महासंघ छत्तीसगढ़ के पदाधिकारियों तथा मुंगेली के सभी पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पत्रकारिता के क्षेत्र में और अधिक जिम्मेदारी, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि आम जनता की आवाज को मजबूती से सामने लाने, जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता देने और पत्रकारिता के माध्यम से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेगा। सम्मान मिलने पर मुंगेली के पत्रकार साथियों ने अरविंद बंजारा को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की । 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ