भारतीय जनता मजदूर संघ छत्तीसगढ़ ने जारी की आगामी कार्ययोजना, 1 अक्टूबर से शुरू होगा सदस्यता अभियान


रायपुर । हिंदुस्तान दृष्टि । भारतीय जनता मजदूर संघ छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रकाश अनन्त ने संगठन की आगामी कार्ययोजना जारी करते हुए प्रदेश के पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, मंडल पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं मजदूरों को संगठन की भावी गतिविधियों से अवगत कराया है। प्रदेश कार्यकारिणी की आकस्मिक बैठक में संगठन के हित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार-विमर्श के बाद कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके तहत 1 अक्टूबर 2026 से छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में सदस्यता अभियान शुरू करने का निर्णय लिया गया है। वहीं 30 अक्टूबर 2026 तक प्रदेश के सभी जिलों में जिला अध्यक्ष एवं जिला कार्यकारिणी के गठन के साथ प्रत्येक जिले के अंतर्गत आने वाले मंडलों में मंडल पदाधिकारियों की नियुक्ति पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। जिला एवं मंडल पदाधिकारियों की नियुक्ति के बाद प्रदेश अध्यक्ष एवं जिला प्रभारियों की उपस्थिति में आवश्यक बैठकों का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात संबंधित जिलों में संचालित कंपनियों, उद्योगों, लघु उद्योगों, कुटीर उद्योगों एवं कार्यशालाओं की सूची तैयार की जाएगी। साथ ही जिला स्तर पर कार्यरत महिला एवं पुरुष मजदूरों का आंकड़ा श्रम विभाग के माध्यम से एकत्रित करने तथा मजदूरों के पंजीकरण से संबंधित जानकारी जुटाकर प्रदेश मुख्य कार्यालय को उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है। संगठन की कार्ययोजना में शीतकालीन सत्र के दौरान प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों तथा प्रत्येक जिले से न्यूनतम 10 से 20 सक्रिय पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के लिए दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित करने का भी प्रावधान किया गया है। वर्ष के प्रारंभ से प्रत्येक जिले में पारा, मोहल्ला एवं टोला स्तर तक पहुंच बनाकर मजदूरों के लिए शासन-प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने तथा पात्र मजदूरों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए कार्ययोजना निर्धारित की जाएगी। इसके साथ ही प्रत्येक मंडल द्वारा जिला अध्यक्ष के माध्यम से प्रदेश मुख्यालय में अपनी कार्ययोजनाओं की तिथिवार एवं माहवार प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रकाश अनन्त ने प्रदेश, जिला एवं मंडल स्तर के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से निर्धारित बिंदुओं पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आपसी चर्चा के माध्यम से पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता अपने सुझाव और विचार प्रदेश मुख्य कार्यालय तक भेजें। साथ ही प्रदेश के सभी मजदूरों से भारतीय जनता मजदूर संघ से अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा गया है कि संगठन का उद्देश्य मजदूरों के हित में कार्य करना तथा शासन-प्रशासन से मिलने वाली सुविधाओं एवं योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान देना है।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ